अपना जिला

NEET, IIT एवं CA में सफल छात्रों का सम्मान 29 जून को

मऊ। एम.ए.ए. फाउंडेशन के मुख्य कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन रविवार को किया गया, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि “रे ऑफ ह्यूमैनिटी” और “एम.ए.ए. फाउंडेशन” के संयुक्त तत्वावधान में 29 जून 2025, रविवार को चौथा वार्षिक शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शीर्षक होगा — ” एज़ाज़ की एक शाम, नई नसल के नाम”।

यह कार्यक्रम मुस्लिम इंटर कॉलेज, फैज़ी हॉल में शाम 04:00 बजे से आयोजित किया जाएगा, जिसमें नीट 2025, आईआईटी व सीए की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य केवल सफल छात्रों को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

बैठक की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी एवं संगठन के संरक्षक जनाब जमाल अख्तर अर्पण ने की। इस अवसर पर रे ऑफ ह्यूमैनिटी और एम.ए.ए. फाउंडेशन की पूरी टीम उपस्थित रही और सभी ने एकमत होकर इस कार्यक्रम को प्रभावशाली, यादगार और सुव्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ:

सफल छात्रों की सूची तैयार करना और उनसे संपर्क स्थापित करना

सम्मान चिन्ह (अवार्ड्स) एवं शील्ड्स की व्यवस्था

विशिष्ट अतिथियों की सूची बनाना

मीडिया कवरेज और सोशल मीडिया प्रचार की रणनीति

तकनीकी व्यवस्था और स्वागत समिति की जिम्मेदारियाँ

इस अवसर पर रे ऑफ ह्यूमैनिटी के प्रतिनिधि ने कहा:
“हमें अपनी नई पीढ़ी के सपनों को साकार करने में उनकी मार्गदर्शना करनी है। यह आयोजन सिर्फ एक सफलता का उत्सव नहीं, बल्कि आगे बढ़ने के हौसले को मजबूत करने की एक कोशिश है।”

एम.ए.ए. फाउंडेशन के सदस्यों ने भी यह स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य सदैव शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा है, और यह कार्यक्रम इसी लक्ष्य की एक कड़ी है।

कार्यक्रम से संबंधित औपचारिक निमंत्रण शीघ्र ही जारी किया जाएगा। यह अपेक्षा की जा रही है कि स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र इस समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *