नेक पहल! बेटी के विवाह हेतु ₹111000 का दान व उसके पढ़ाई की सम्पूर्ण जिम्मेदारी

@ आनन्द कुमार…
दोहरीघाट/मऊ। इन्सान धरती पर हो या ना हो लेकिन उसके कर्म की चर्चा अवश्य होती है। अगर इन्सान अच्छा कर्म करके धरती छोड़ जाता है तो उसके अच्छे कर्मों की गुणगान धरती पर सदैव गूंजती है। सामाजिक सरोकारों के धनी, असहायों के मर्म समझने वाले, गरीबों के दर्द का सदैव एहसास करने वाले मऊ जनपद के दोहरीघाट नगर पंचायत के स्व. कालिका प्रसाद को कौन नहीं जानता है। जिनका जीवन समाजसेवा के त्याग व समर्पण में ही बीता हो। ऐसे युगपुरुष को उनकी पुण्यतिथि पर कौन नमन् नहीं करना चाहेगा। कालिका प्रसाद के प्रथम पुण्यतिथि पर परिजनों ने उनकी यादों को संजोते हुए 23 जनवरी के दिन पत्नी इंद्रावती देवी पुत्र अवधेश, राजेश गुड्डू, बृजेश, प्रभात एवं पुत्री रीता गुप्ता व रेखा गुप्ता द्वारा न सिर्फ श्री कालिका प्रसाद सेवा मिशन का उद्धघाटन किया, बल्कि एक गरीब परिवार की कन्या को गोद लेकर उसके विवाह के समय 1 लाख 11 हज़ार रुपये का दान एवं उसकी शिक्षा का सम्पूर्ण खर्च का महादान देकर स्व. कालिका प्रसाद की यादों को जीवन्त कर दिया।
स्व. कालिका प्रसाद की पत्नी इन्द्रावती देवी ने बताया कि महेश व श्रीमती किरण, दोहरीघाट निवासी की दो वर्ष की पुत्री हेतु यह सहयोग दिया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 50 गरीबों को सर्दी के मौसम में कम्बल वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में लखनऊ के SGPGI में 75 वर्ष की आयु में उनके पति का निधन हो गया था। स्व. कालिका प्रसाद युवावस्था से ही सामाजिक सेवा में अग्रणी भूमिका रखते थे। हम लोग उनके कार्य को देख गौरवान्वित होते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई अभूतपूर्व कार्य किये। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के लिए और दोहरीघाट के विकास के लिए महिला शिक्षा हेतु महाविद्यालय, मंदिर जैसे सामाजिक स्थलों के लिए करोड़ों की भूमि दान देकर जो गौरवमयी गाथा लिख गये हैं यह हम लोगों व सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि समाज के निचले तबके के कई परिवार की लड़कियों के विवाह का पूरा खर्च उठाएं हैं जिसके लिए परिवारीजन आज भी कृतज्ञ है।
स्व. कालिका प्रसाद की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में लगभग एक हज़ार लोग शामिल हुए, जहां प्रसाद भोज का वितरण हुआ। इस दौरान पूर्वांचल के जाने माने नेत्र सर्जन डॉ. पवन मद्धेशिया, पार्वती महिला महाविद्यालय के मुखिया लाल बिहारी दुबे, त्रिलोकी सोनकर एवं बृजेश गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।

















