BSP MP रितेश पाण्डेय इंग्लैंड की कैथरीना से करेंगे शादी
(आनन्द कुमार)



उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जनपद के बहुजन समाज पार्टी के सांसद रितेश पांडेय ने अपने सोशल मीडिया के फेसबुक पेज पर एक खुलासा करके यह घोषणा किया है कि वह इंग्लैंड की कैथरीना के साथ जल्द ही शादी करने वाले हैं । उन्होंने कैथरीना के साथ अपना फोटो भी फेसबुक पर साझा करते हुए फेसबुक पेज पर लिखा है की दोनों में वर्षो से है प्यार, अब साथ मे जिंदगी गुजारने का लिया निर्णय लिया है।सांसद रितेश पांडेय ने कहा कि हम दोनों के निर्णय को हमारे परिवार का आशीर्वाद मिल गया है।
2019 में अम्बेडकरनगर लोकसभा क्षेत्र से चुने गए है सांसद, 2017 में जलालपुर विधानसभा से रह चुके हैं विधायक। 39 वर्षीय सांसद रितेश पाण्डेय ने इंग्लैंड में की थी पढ़ाई। इसी दौरान वे कैथरीना के निकट आए थे। उनकी कैथरीना से दोस्ती धीरे धीरे प्यार में बदल गयी और प्यार परवान चढ़ा तो दोनों ने एक दूसरे के साथ साथ जीने व साथ मरने की कसमें खाते हुए वैवाहिक जीवन में बंधने की घोषणा कर दी।
आइए पढ़ते हैं सांसद रितेश पांडेय ने अपने फेसबुक पेज पर क्या लिखा है खुद उन्हीं के शब्दों में…
नमस्कार,
आप सभी के साथ यह शुभ समाचार साझा करते हुए मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है कि कैथरीना और मैंने जीवनसाथी के रूप में आगे की यात्रा साथ पूरा करने का निर्णय लिया है. हम दोनों ने यह निर्णय अपने परिवारों के बड़ों एवं अभिभावकों के आशीर्वाद से लिया है. कैथरीना और मैं एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं और यह महसूस करते हैं कि हमारा संग-साथ हमारे कल्याण एवं लक्ष्य के लिए अच्छा है. कैथरीना मनोविज्ञान (सायकॉलजी) में डॉक्टरेट के लिए अध्ययनरत हैं और उनके पिता इंग्लैंड में चिकित्सक हैं। हमारे देश समेत समूची दुनिया अभी संकट के दौर से गुज़र रही है. ऐसे में किसी आयोजन की संभावना और परिस्थिति नहीं है. आगामी महीनों में परिस्थितियों के अनुसार जैसा निर्णय होगा, आपको उसकी जानकारी हम अवश्य देंगे. मुझे और मेरे परिवार को आपका साथ हमेशा मिलता रहा है और आपकी शुभकामनाएँ हमें आश्वस्त और सबल बनाती रही हैं. इसी क्रम में कैथरीना और मैं सुंदर और स्वस्थ जीवन के लिए आपकी शुभेच्छा और आशीर्वाद के आकांक्षी हैं.
आप सभी के अच्छे स्वास्थ्य व जीवन की मंगल कामना करता हूँ. अपना और अपनों का ध्यान रखें.
आपका सदैव
रीतेश पांडेय
