अच्छा जीवनयापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पौधा लगाएं : एसपी
मऊ। 01 जुलाई वन महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर जनपद मऊ पुलिस लाईन में वृक्षारोपण का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक मऊ ललित कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, सीएफओ, समस्त क्षेत्राधिकारीगण/थानाध्यक्षों व शाखा प्रभारियों द्वारा भारी संख्या में फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाये गये। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे जीवनयापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पौधा लगाए जाने चाहिए। ऑक्सीजन लेने और कार्बन डाइऑक्साइड को छोड़ने के अलावा पेड़ पर्यावरण से अन्य हानिकारक गैसों को अवशोषित करते हैं जिससे वायु शुद्ध और ताज़ी बनती है। जितने हरे-भरे पेड़ होंगे उतना अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होगा और अधिक विषैली गैसों को यह अवशोषित करेंगे। प्रदूषण का स्तर इन दिनों बहुत अधिक बढ़ रहा है। इससे लड़ने का एकमात्र तरीका अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। वृक्षारोपण का महत्व इतना स्पष्ट है तब भी कुछ ही मुट्ठी भर लोग हैं जो वास्तव में इस गतिविधि में शामिल होने का प्रण लेते हैं। बाकी अपने जीवन में इतने तल्लीन हो चुके हैं कि वे यह नहीं समझते कि बिना पर्याप्त पेड़ों के हम लंबे समय तक जीवित नहीं रह पाएंगे। यह सही समय है जब हमें वृक्षारोपण के महत्व को पहचानना चाहिए और उसकी ओर अपना योगदान देना चाहिए। इस दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल व सामाख्या संस्थान की महिलायें भी काफी संख्या में उपस्थित रही।

