एसटीएफ की मुठभेड़ में 50 हजार का इनामिया चार साथियों के साथ गिरफ्तार
वाराणसी । स्पेशल टास्क फोर्स की वाराणसी यूनिट ने गुरुवार को कैंट क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामिया अपराधी चंदन सोनकर को उसके चार साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूनिट के इंस्पेक्टर विपिन कुमार राय को सूचना मिली कि कुछ शातिर बदमाश किसी की हत्या करने के उद्देश्य से कैंट होकर गुजरने वाले है । इस सूचना पर बदमाशों के आने के रास्ते पर टीम ने घेराबंदी कर ली । कुछ ही देर में बदमाशों को आता देख टीम ने उन्हें मुठभेड़ के बाद धर दबोचा । पुलिस को पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि उनलोगों ने लक्सा औरंगाबाद निवासी एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी ली थी । आज वह लोग उसे ही टपकाने जा रहे थे । पकड़े गए बदमाशों में इनामिया के अलावा उसके साथियों के नाम उत्सव सिंह , अखिलेश सिंह तथा अभिषेक सिंह बताए जाते है । टीम को तलाशी में उनके पास से 9एम एम की पिस्टल , .32 की रिवाल्वर के साथ कई जिंदा तथा खोखा कारतूस बरामद हुए है ।

