रक्षाबंधन के दिन इस बार भी महिलाओं को यूपी रोडवेज बस का सफर मुफ्त
लखनऊ। सूबे की योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों को एक दिन के लिए फ्री बस सेवा की सौगात दी है। खास बात यह कि बहुत सी बहनों ने रक्षाबंधन के मद्देनजर पूर्व में अपने जो टिकट बुक करा लिए हैं, उन्हें रोडवेज की ओर से रिफंड दिया जाएगा। अगर महिला यात्री के साथ पुरुष यात्री सफर कर रहे हैं तो उन्हें टिकट लेना होगा।
रोडवेज की सभी प्रकार की बसों में नि:शुल्क सेवा शनिवार 25 अगस्त की रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक लागू रहेगी। रोडवेज ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं ने रक्षाबंधन के दिन बस से सफर करने के लिए एडवांस में टिकटें बुक करा ली हैं, उन्हें धनराशि वापस की जाएगी। अगर सफर के दौरान महिलाओं के साथ उनकी बच्चियां हैं तो वे भी बसों में नि:शुल्क सफर कर सकेंगी। महिलाओं के साथ सफर करने वाले पुरुष और किसी भी बालक को किराए में छूट नहीं दी जाएगी।

