अपना जिला

तिरंगा यात्रा में भारत मां के जयघोष के साथ जिला बनाने की भी हुई मांग

बिल्थरारोड/ बलिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां चारो तरफ तिरंगा ध्वज लहराने के साथ भारत मां की जय के नारों की गूंज रही वहीं बिल्थरारोड जिला बनाओ संघर्ष समिति द्वारा निकाला गया तिरंगा यात्रा लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने इस दौरान लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाते हुए नारे गुंजायमान किये वहीं क्षेत्र को जिला बनाने की पुरजोर मांग भी की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भक्ति के साथ बिल्थरारोड को जिला बनाने की भी मांग को जोर शोर से उठाया गया। जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष व पिपरौली बड़ागांव के प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल रहमान के नेतृत्व में उक्त गांव से निकले तिरंगा यात्रा में जहां भारत मां के जयघोष लगते रहे वहीं बिल्थरारोड को जिला बनाने की भी पुरजोर मांग की गयी। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष श्री रहमान ने कहा कि बिल्थरारोउ के पिछड़ापन को दूर करने के लिए इसका जिला बनना अत्यन्त आवश्यक है। कहा कि जब तक इस क्षेत्र को जिला बनाने की घोषणा नही की जाती है तबतक उनका सड़कों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा। तिरंगा यात्रा में शामिल युवा व ग्रामीण बाइक व आटो रिक्शा पर बैठकर पूरे नगर का चक्रमण करते हुए जिला बनाने के साथ.साथ स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अपने जान की आहूति देने वालें शहीदों व भारत माता की जयघोष कर रहे थे। तिरंगा यात्रा को लेकर नगर के युवाओं में जबरदस्त क्रेज रहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर को काफी सजाया गया था। जिधर देखो उधर तिरंगा व गुब्बारे ही नजर आ रहे थे। तिरंगा यात्रा जिधर से गुजर रहा था लोग उसे भरपूर सहयोग करते नजर आ रहे थे तथा नारे लगाकर उनका जोश बढ़ा रहे थे। अंत में पूरे नगर के चक्रमण के बाद तिरंगा झंडा यात्रा पुनः अपने पूर्व स्थान पर पहुंच कर सम्पन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *