युवा चित्रकार भूपेंद्र अस्थाना को ललित कला अकादमी की शोधवृत्ति
“युवा चित्रकार भूपेंद्र अस्थाना को ललित कला अकादमी की शोधवृत्ति “
ललित कला अकादमी (नई दिल्ली) द्वारा आज़मगढ़ बिंद्रा बाजार के निवासी युवा चित्रकार भूपेंद्र कुमार अस्थाना को वर्ष 2018-19 की शोधवृत्ति प्रदान की गई है। यह शोधवृत्ति अस्थाना को आर्ट क्यूरेशन (कला संयोजन) में शोध कार्य के लिए दी गई है। यह एक वर्ष के लिए होगी, जिसमें 10,000 ₹ प्रतिमाह दिया जाएगा। इसके लिए अस्थाना को लखनऊ केंद्र दिया गया है ।ललित कला अकादमी इस योजना में युवा और योग्य कलाकारों को शोध वृत्ति प्रदान करती है। ताकि उन्हें अपने अपने क्षेत्रों में सृजनात्मक गुणों और नवोन्मेषी विचारों के विकास हेतु एक कार्य स्थल उपलब्ध हो सके। इसे मूर्तिकला, चित्रकला, सेरामिक,ग्राफिक,कला इतिहास, कला आलोचना, कला प्रबंधन, कला संयोजन एवं प्रलेखन जैसे क्षेत्रों में दिया जाता है। कलाकारों को ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय केंद्रों नई दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, भुवनेश्वर और शिमला पर कार्य करने का प्रावधान होता है। इसका निर्णय ललित कला अकादमी ही करती है।
भूपेंद्र अस्थाना लखनऊ कला महाविद्यालय से दृश्यकला में शिक्षा ली है। अस्थाना चित्रकार के साथ कला में लेखन कार्य भी कर रहे हैं। इसके लिए छः वर्षो से उत्तर प्रदेश के काल गतिविधियों में सक्रिय हैं। इस छात्रवृत्ति से इस क्षेत्र में और कार्य करने के लिए ऊर्जा मिलेगी।

