शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को पूरा करें : ओपी त्रिपाठी
मऊ। गुरुवार को शिक्षा क्षेत्र रतनपुरा द्वारा आयोजित “शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी” स्थानीय नेहरू इण्टर कॉलेज रतनपुरा में संपन्न हुआ। इस संगोष्ठी के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी – मऊ ओ.पी. त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि आर. पी. राम व अध्यक्ष नेहरू इण्टर कॉलेज के प्रबंधक व समाजसेवी राणा प्रताप सिंह रहे।
मुख्य अतिथि ओ. पी. त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों के अन्दर वे सभी प्रतिभा व सम्भावनाएं निहित हैं जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक बनकर एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं, आवश्यकता सिर्फ उसे निखारने की है। शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को पूरा कर रहे हैं। अध्यक्षीय सम्बोधन में सुप्रसिद्ध समाजसेवी राणाप्रताप सिंह नें कहा कि यह रतनपुरा ब्लाक जो किसी समय में बागी बलिया का भाग रहते हुए आजादी की लड़ाई का नेतृत्व किया करता था उसके तेवर आज भी हैं, शिक्षकों इस धरती की माटी ऐसी है कि इस माटी में जन्म लेने वाले में स्वाभाविक नेतृत्व की क्षमता होती है। भय का वातावरण बनाकर काम नहीं होता है, समस्याएं हैं तो समाधान भी है, जरूरत एक बेहतरीन मैनेजमेंट की है , इसमें कोई शक नहीं कि बदलाव की बयार रतनपुरा से ही बहेगी और शिक्षा की अलख में रतनपुरा एक फिर नेतृत्व करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि शिक्षक एक गरिमापूर्ण पद है जिसकी पहचान अच्छे शिक्षार्थियों से होती है।
डी. सी. गजेन्द्र सिंह ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल-कूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय के द्वारा ही बच्चों में अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है। जो उनके लक्ष्य निर्धारण में सहायक हो सकता है। बच्चों को अवसर देकर उनके झिझक, भय व अस्पष्ट अभिव्यक्ति को दूर किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्राथमिक विद्यालय कइयां के प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य नवाचारी शिक्षकों तथा सर्वाधिक नामांकन लक्ष्य को प्राप्त करने वाले अध्यापकों का भी BSA द्वारा सम्मान किया गया।
अंत में आयोजक खण्ड शिक्षा अधिकारी आर. पी. राम नें सबका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञान, समझ व कौशल के आधार पर बच्चों को विद्यालयी परिवेश को सामाजिक परिवेश से जोड़कर एक बेहतर नागरिक निर्माण किया जा सकता है और यह कार्य शिक्षक, अधिकारी व अभिभावकों को मिलकर करना होगा।
इस अवसर पर अंजनी कुमार सिंह, सहेन्द्र सिंह, सुनील कुमार सिंह, नित्य प्रकाश यादव, राजकुमार वर्मा, उत्तम प्रसाद चंद, बिरेन्द्र सिंह, तपेश्वर राम, सुनील वर्मा, उग्रसेन सिंह, प्रदीप जायसवाल, सच्चिता नन्द यादव, शंभू नाथ यादव, अर्चना यादव, अंजलि वर्मा, सरोज भारती, सोनिया बेन चौहान, बिंदुमती, लालसा सिंह, जगमोहन सिंह, पुष्पा मिश्रा, कंचन सिंह, सुशील कुमार, अलिमुद्दीन अंसारी आदि उपस्थित रहे।

