Uncategorized

रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे को भाआपा का आमरण अनशन आज से

● 5 मई को संदिग्ध परिस्थिति में अपने बिस्तर पर मृत पाया गया था रमेश
● पीएम रिपोर्ट में गला कसने से मौत का हुआ था खुलासा
● मृतक की बहन ने भाभी पर ही लगाया है अपने भाई की हत्या का आरोप

बिल्थरारोड/बलिया। रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे की मांग को लेकर भारत आजाद पार्टी मंगलवार से आमरण अनशन करेगी। सोमवार को क्रमिक अनशन के 16 वें दिन आंदोलनकारियों ने पुलिस पर जमकर प्रहार करते हुए उनपर इस हत्याकाण्ड को दबाने का आरोप लगाया।। कहा कि पार्टी मृतक की बहन को न्याय दिलाने के लिए आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है। इस दौरान उन्होने अपने पूर्व की घोषणा के अनुसार 10 जुलाई मंगलवार से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में आमरण अनशन की बात दोहरायी। अनशनकारियों ने इस दौरान उपद्रव की आशंका के मद्देनजर अनशन स्थल के पास सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्रक भी पार्टी द्वारा उपजिलाधिकारी को सौंपी गयी।
5 मई को संदिग्ध अवस्था में अपने बिस्तर पर मृत पाये गये रमेश पटेल की हत्या का पर्दाफास करने व हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारत आजाद पार्टी के सदस्य पिछले दो माह से लगातार आंदोलनरत हैं। इस मामले में मृतक की बहन लक्ष्मीना देवी ने अपनी भाभी पर ही अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है। हत्याकाण्ड के दो माह बाद भी उभांव पुलिस द्वारा इसका मुकदमा दर्ज न करने व मामले को आत्महत्या का रूप देकर इसे दबाने के प्रयास से नाराज भारत आजाद पार्टी द्वारा पिछले 24 जून से तिरनई चट्टी पर हत्याकाण्ड के खुलासे व पुलिस की भ्रष्ट शैली के विरूद्ध क्रमिक अनशन की शुरूआत की गयी थी। आंदोलन को नैतिक रूप से पूर्व विधायक गोरख पासवान, जिला पंचायत सदस्य सुधीर पासवान के अलावा आल इंडिया जनसंघर्ष समिति के राघवेन्द्र कुमार, अपना दल एस के पंकज पटेल, भाकपा माले के लक्ष्मण यादव, स्वराज अभियान के बलवंत यादव, बहुजन सोशलिष्ट फ्रंट के ईश्वरचंद, दलित पिछड़ा मंच के हाशमी जी, क्षेत्रीय संघर्ष समिति के मुन्नर यादव, एकता मंच के अनीश असगर का भी समर्थन प्राप्त है। सोमवार को अनशन के 16 वें दिन वक्ताओं ने पुलिस के अलावा वर्तमान जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये। इस दौरान उन्होने सीओ रसड़ा पर जमकर प्रहार किया तथा उनपर मामले की लीपापोती करने व कातिलों को बचाने का आरोप लगाया। इस दौरान पार्टी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार मानव ने पुलिस पर धमकाने का भी आरोप लगाया। वक्ताओं ने 10 जून मंगलवार से हत्याकांड के खुलासे के लिए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र पटेल की अगुवाई में आमरण अनशन करने की अपनी बात दोहरायी। कहा कि वे मृतक की बहन को न्याय दिलाने के मामले में अपने कदम पीछे नही हटायेंगे। वक्ताओं ने अनशन स्थल पर उपद्रव की आशंका व्यक्त करते हुए सुरक्षा की भी मांग की। कहा कि सुरक्षा न मिलने की स्थिति में किसी प्रकार की अनहोनी होने की दशा में इसके लिए पुलिस प्रशासन ही पूरी तरह से जिम्मेदार होगा। वक्ताओ ने कहा कि वे सत्य की लड़ाई लड़ रहे हैं इसलिए उनकी विजय सुनिश्चित है। कहा कि इस घटना के सच को दबाने को प्रयासरत पुलिस अपने मकसद में कामयाब नही हो पायेगी। भाआपा के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोमवार को मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्रक उपजिलाधिकारी को देकर अनशन स्थल पर शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था देने की मांग की। अनशन पर बैठने वालों में हीरामन सिंह पटेल, मंजू देवी, लालमती देवी, मृतक की बहन लक्ष्मीना देवी, लालबची देवी, लालती देवी आदि थे। इस दौरान अनशन स्थल पर स्वतंत्र पटेल, विनोद यादव, मुन्नीलाल यादव, जहांगीर खां, डा0 रामायन भारती, शिवमुनी रंजन, कन्हैया पासवान, अमरजीत, गुलाम सरवर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *