Uncategorized

ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर 7 वर्षों से दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को प्रधान प्रतिनिधि ने बातचीत से कराया हल

बिल्थरारोड/ बलिया। क्षेत्र के पिपरौली बड़ागांव के टेकनपुरा मौजे में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर पिछले 7 वर्षों से दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का प्रधान प्रतिनिधि ने पटाक्षेप कर दिया। प्रधान प्रतिनिधि ने विवाद हल करने के लिए दोनो पक्षो से वार्ता के बाद उनके राजी होने पर उस स्थल पर रविवार को डीह स्थान का निर्माण कार्य शुरू करा दिया। डीह निर्माण के इस निर्णय से ग्रामवासियों में खुशी की लहर है।
टेकनपुरा निवासी मुंशी यादव व बाबूराम यादव के बीच ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर विगत कई वर्षों से आपसी विवाद चला आ रहा था। यहां तक कि विवाद के चलते दोनो पक्षों में पिछले दो वर्षें के दौरान आधा दर्जन बार मारपीट की भी नौबत आ चुकी थी। इस मामले में उभांव पुलिस ने दोनो पक्षों के लोगों को शान्तिभंग की धारा 151 में चालान भी किया था, बावजूद विवाद था कि थमने का नाम ही नही ले रहा था। विवाद को समाप्त करने के लिए प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल रहमान ने सार्थक पहल करते हुए दोनो पक्षों को बुलाकर कई चक्र वार्ता की। आखिर उनका यह प्रयास रंग लाया तथा दोनो पक्ष उक्त स्थान पर डीह स्थान बनाने को लेकर राजी हो गये। डीह स्थान के निर्माण के लिए उनके राजी होते ही जहां कई वर्षों से चल रहे विवाद पर विराम लग गयी वहीं गांव में एक डीह स्थान का भी निर्माण कार्य शुरू हो गया। प्रधान प्रतिनिधि ने रविवार को मजदूरों के साथ खुद नींव की खुदाई कर निर्माण कार्य शुरू कराया। वर्षो के विवाद का इस प्रकार से समाधान होने पर ग्रामवासियों ने भी खुशी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *