Uncategorized

बन्धों पर प्रत्येक दिन गश्ती के साथ कटानरोधी इंतजाम रहे दुरुस्त : जिलाधिकारी

◆ बिल्थरारोड क्षेत्र के दौरे पर निकले जिलाधिकारी ने देखी घाघरा किनारे का सच

बिल्थरारोड/बलिया। बरसात के दिनों में सम्भावित बाढ़ व कटान से पूर्व उसके इन्तजामों को लेकर जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत काफी गंभीर हैं। संभावित बाढ़ क्षेत्र के इंतज़ाम का सच जानने के लिए जिलाधिकारी ने बुधवार को बिल्थरारोड क्षेत्र में घाघरा नदी के किनारे का निरीक्षण किया। वे इस दौरान उन स्थानों को विशेष तौर पर देखा ,जहां पानी बढ़ने के साथ कटान की संभावना बढ़ती रही है। उन्होने ऐसी जगहों पर बालू से भरी बोरी डालने के लिए पहले ही तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने हाहा नाला रेगुलेटर, हल्दीरामपुर के कोइली मोहान रेगुलेटर व तुर्तीपार रेगुलेटर का भी निरीक्षण किया। बेल्थरा बाजार गांव में रिंग बंधे पर कहीं कहीं जर्जर स्थिति को देख उन्होंने उसे शीघ्र ठीक करने का निर्देश दिया। अधिशासी अभियंता डीके चतुर्वेदी को सख्त निर्देश दिया कि ज़िले के हर हिस्से में अपने जेई व अन्य अधीनस्थों के माध्यम से नदी के हालात पर नजर रखें। उन्होंने प्रत्येक बंधे पर सम्बन्धित जेई को अपने बेलदार से प्रतिदिन गश्त कराने का भी सख्त निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बाढ़ खण्ड के अधिशासी अभियंता समेत क्षेत्रीय जेई को रेगुलेटरों की स्थिति ठीक रखने को निर्देशित किया। उन्होंने उसमे लगे यंत्रों की ऑयलिंग कराने के भी निर्देश दिये। कोइली मोहान रेगुलेटर पर लगे पम्पिंग सेट को भी सही हालत में रखने के सख्त निर्देश दिए तथा घाघरा नदी व टीएस बंधे के हालात की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बेल्थरा बाजार गांव में जाकर स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने जब उन्हें रिंग बंधे में जानवरों द्वारा की गई बिल को दिखाया तो वे भड़क गये तथा क्षेत्रीय जेई व बेलदार की खूब खबर ली कहा कि उनका इस पर ध्यान क्यों नहीं गया। उन्होने उसे जल्द दुरुस्त कर अवगत कराने को कहा। कड़े शब्दों में जेई को निर्देश दिया कि प्रतिदिन बंधे पर सम्बन्धित बेलदार की गश्ती सुनिश्चित कराएं तथा अपने क्षेत्र के ग्रामीणों के सम्पर्क में लगातार रहें, ताकि हर स्थिति की जानकारी आसानी से मिलती रहे। कहा कि कटान क्षेत्रों में पड़ने वाले गांव में क्षेत्रीय बेलदार, जेई, एई व एक्सईएन का नम्बर ग्रामीणों की जानकारी में रहना चाहिए।

बाद में वह वहां से तुर्तीपार रेगुलेटर गए तथा फिर चैनपुर गुलौरा होते हुए हाहा नाला तक जाकर घाघरा क्षेत्र को देखा। इस दौरान उन्होंने मातहतों को निर्देश दिया कि जहां आबादी है वहां कटान रोकने के लिए हमेशा सतर्क रहना हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *