पीएम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या की पुष्टि, एसपी ने सौंपी सीओ को जांच
बिल्थरारोड/बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के पलिया गांव में 5 मई को अपने घर में संदिग्धावस्था में मृत पाये गये युवक के पीएम रिपोर्ट के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने पर इस मामले में महिला पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली के निर्देश पर सीओ रसड़ा ने जांच शुरू कर दी है। सीओ के अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए आवश्यक नमूने भी लिये। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच शुरू कराये से लोगो में इसके खुलासे का विश्वास बढ़ गया है। इसके पूर्व गुरूवार को भारत आजाद पार्टी द्वारा पुलिस अधीक्षक को एक पत्रक देकर उभांव पुलिस पर मामले में लीपा-पोती का आरोप लगाया गया था।
पलिया गांव निवासी रमेश पटेल 27 वर्ष चेन्नई में खिलौने बेच कर अपने परिवार का पेट पालता था। माता-पिता की मृत्यु के बाद गांव में सिर्फ उसकी पत्नी ही रह गयी थी। पति की अनुपस्थिति में पत्नी गांव में एक व्यूटी-पार्लर का संचालन करती थी। पिछले दो माह पूर्व ही युवक गांव आया था। इसी बीच 4 मई की रात वह गांव में आयोजित में एक मांगलिक कार्यक्रम में सपत्निक सम्मिलित होने गया हुआ था। जयमाल आदि की रस्म अदायगी के बाद उसने पत्नी को घर छोड़ कर पुनः कार्यक्रम में सम्मिलित हो गया। लगभग 2 बजे तक मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद व रात में कब घर पहुंच कर आंगन में पड़ी चारपायी पर सो गया इसकी खबर उसकी पत्नी को नही लगी थी। मृतक की पत्नी सोमारी के अनुसार 5 मई की सुबह आंगन में सोये पति को जब उठाने लगी तो उसे मृत देख वह आवाक रह गयी तथा रोने लगी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग इकठ्ठे हो गये। घटना के समय मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी तथा उसकी गर्दन पर काला निशान था। सूचना के बाद घटना स्थल पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पीएम के लिए अपने कब्ले में ले लिया। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत की पुष्टि के बाद घटना के चौथे दिन उसकी पत्नी ने पति की हत्या के कारणों की जांच करने व हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए उभांव थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर थी। इस मामले में पुलिस के उदासीन रवैये व मुकदमा दर्ज न करने की स्थिति से नाराज भारत आजाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने महिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर उन्हेंं एक पत्रक सौंपा तथा उभांव पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक ने प्रदेश अध्यक्ष से घटना पूरी जानकारी ली इस दौरान जब उन्हे यह पता चला कि मृतक के माता-पिता की मौत हो चुकी है तथा वह इकलौता है तो उन्होने आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार को हर हाल में न्याय मिलेगा। पुलिस अधीक्षक के इस मामले में कड़े रूख व निर्देश के बाद शुक्रवार को जहां सीओ रसड़ा ने घटना स्थल पहुंचकर मामले की जांच की वहीं फॉरेंसिक टीम भी मौका मुआयना कर मृतक के चारपायी की रस्सी व उसके पाये की मिट्टी के नमूने इकठ्ठा कर अपने साथ ले गयी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के इस कदम से लोगों में सच सामने आने का भरोसा बढ़ गया है।

