Uncategorized

वारदात : लुटेरों ने मारी गोली, युवक की मौत महिला घायल

गाजीपुर। योगी राज के कानून व्यवस्था को चैलेंज करते हुए बेखौफ लुटेरों ने बाइक सवार से सोने की सिकड़ी लूटने के प्रयास में गोली मार दी। बदमाशों की गोली से बाइक सवार की घटना की स्थल पर मौत हो गयी और उसकी चाची गंभीर रुप से घायल हो गयीं। 
पुलिस के अनुसार जौनपुर जनपद के थाना चंदवक मझली गांव निवासी दो बाइक से तीन भाई व अपनी चाची शांती राजभर के साथ बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव अपने रिश्तेदार अपने फूफा रामसेवक राजभर के पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थें। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे एक बाइक पर सुनील व मनीष राजभर सवार थे और दूसरे बाइक पर सूरज राजभर व चाची शांति राजभर बैठीं थीं। जैसे ही सुनील व मनीष की बाइक मिर्जापुर गांव के पास पहुंचे कि बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा सटाकर सिकड़ी लूटने का प्रयास किया लेकिन सुनील राजभर ने इसका विरोध किया, जिसपर बदमाशों ने सुनील के सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। दूसरी गोली शांति राजभर को लग गयी। गोली की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गये। लेकिन मौके का फायदा उठाते हुए बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गये। ग्रामीणों ने घायलों को निजी अस्पताल में पहुंचाया जहां डाक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल शांति राजभर का इलाज चल रहा है। मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बहरियाबाद-सादात मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही कई थानों के पुलिसबल मौके पर पहुंच गये हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने घटना के संदर्भ में बताया कि प्रथम दृश्टया लूट की लगती है, मामले की छानबीन के लिए तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है। शीघ्र ही अपराधियों को पकड़ लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *