ताड़ीघाट-मऊ रेल मार्ग के लिए भूखंड अधिग्रहण का काम शीघ्र शुरू
मऊ। प्रस्तावित ताड़ीघाट-मऊ रेल मार्ग के लिए भूखंड अधिग्रहण का काम शीघ्र शुरू होगा। इसके लिए डीएम गाजीपुर तथा डीएम मऊ को पहले चरण में 50 करोड़ रुपये भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। फिलहाल भूमि अधिग्रहण सर्वे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है वह संबंधित किसानों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के हवाले से जानकारी देते हुए रेलयात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल ने बताया कि गाजीपुर-मऊ रेल मार्ग पर जंगीपुर, बिरनो और मरदह में नया रेलवे स्टेशन बनेगा। इस नए रेलखंड के निर्माण से पूर्वांचल की विकास को एक नई गति मिलेगी व मऊ गाजीपुर विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा। जानकारी देते हुए श्रीराम जायसवाल ने बताया कि इस नए रेलखंड
के निर्माण से मऊ जनपद रेल की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा। अब मऊ से रेलवे लाइन मुगलसराय हावड़ा प्रमुख रेलखंड में जुड़ जाएगा, जिससे यात्रियों को पश्चिम बंगाल व अन्य प्रमुख महानगरों की यात्रा के बाबत बनारस तक की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इसके साथ ही इस नए रेलखंड निर्माण से पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल पर यातायात का दबाव कुछ कम होगा। जिससे ट्रेनों की लेटलतीफी को रोका जा सकता है सबसे बड़ी बात यह है कि इस नए रेलखंड के माध्यम से मऊ जनपद अपने आप में एक विशेष तरीके के रिकॉर्ड से जुड़ जाएगा। जो पूर्वांचल का बनाारस के बाद पहला ऐसा जिला बनेगा जहां से पड़ोस के किसी भी जनपद मुख्यालय के लिए सीधी सड़क सेवा के साथ ही ट्रेन सेवा भी उपलब्ध हो जाएगी।

