बधाई : देवारा के जमशेद ने लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा में पायी 16 वी रैंक
मधुबन/मऊ। देवारा के अति पिछड़े इलाके में विकास भले ही कोसों दूर हो, लेकिन वहां के युवा शैक्षणिक क्षेत्र में अपना लोहा मनवाने में किसी से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। बल्कि वह शिक्षा के क्षेत्र में एक उचित मुकाम बनाने के लिए कड़ी मेहनत पूरी लगन व ईमानदारी से कर रहे हैं। देवारा क्षेत्र के अति पिछड़े इलाके के गजियापुर गांव के पूर्व पोस्टमैन का लड़का जमशेद आलम ने कोऑर्डिनेटर 2015 की परीक्षा में 16 वीं रैंक लाकर मधुबन सहित पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। जमशेद वर्तमान समय में चंदौली जनपद में लेखा परीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में यह परीक्षा पास किया है। जमशेद की पहले से उच्च पद पर कार्य करने की प्रबल इच्छा है, इसके लिए नौकरी करते हुए भी आगे की तैयारी में लगे हैं। जैसे ही परीक्षा परिणाम आया परिवार के लोग खुशी से झूम उठे। जमशेद सात भाई हैं। उनके पिता गांव में ही पोस्टमैन से 12 वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए हैं। जमशेद की शिक्षा किसी तरह पूरी हुई है। वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय पीजी हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से किया गया काम सफलता जरूर दिलाती है। कहा कि अभी पूरी ईमानदारी तैयारी करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व शुभचिंतकों को दिया।

