पत्रकार संकुल से रेल पास तक गूंजे मुद्दे, मंत्री ने दिया आश्वासन
पत्रकार मिलन समारोह में मंत्री ने किया सीधा संवाद, पत्रकार संकुल और रेल यात्रा पास का मुद्दा प्रमुखता से उठा
मऊ। नगर के चंद्रा इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में रविवार को पत्रकार मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्हें जनपद की समस्याओं को निष्पक्षता और बेबाकी से सामने लाना चाहिए। जनता की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद की समस्याओं को उनके संज्ञान में लाने पर उनका त्वरित निस्तारण कराया जाएगा।

संवाद के दौरान पत्रकारों ने पत्रकार संकुल की स्थापना, मान्यता प्राप्त पत्रकारों की रेल यात्रा सुविधा पास सहित जनपद की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। एके शर्मा ने सभी विषयों पर सकारात्मक पहल करते हुए समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आज अपनी बात और समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी संचार माध्यम उपलब्ध हैं। पत्रकार इनका उपयोग जनहित के मुद्दों को जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार तक पहुंचाने के लिए करें।

अपने संबोधन में मंत्री ने गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सचिव के रूप में बिताए समय का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला, जिसका प्रभाव आज भी उनके कार्य करने के तरीके में दिखाई देता है। वह प्रचार से अधिक काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है और देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत का इतिहास गौरवशाली और आर्थिक रूप से समृद्ध रहा है, लेकिन समय-समय पर उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।
कवियों ने बांधा समां
समारोह के दूसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में वाराणसी, प्रयागराज, बिहार, देवरिया और मऊ से आए कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को काव्यमय बना दिया। बनारस के हास्य कवि डंडा बनारसी, नजर इलाहाबादी, शंकर कैमूरी, प्रयागराज की कवयित्री वंदना शुक्ला, देवरिया की गुनगुन गुप्ता, वाराणसी के गीतकार पंकज तथा मऊ के पुरुषार्थ सिंह ने हास्य, ओज, गीत और श्रृंगार की रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। कवि सम्मेलन का संचालन युवा ओज कवि पंकज प्रखर ने किया।
पत्रकारों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार एवं आयोजन के संयोजक प्रवीण राय ने संजय राय के साथ उपस्थित पत्रकारों को अंगवस्त्रम एवं बैग प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता पर आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन में सहयोग के लिए चंद्रा इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक विजय बहादुर पाल को धन्यवाद ज्ञापित किया।








