अपना जिला

सनबीम स्कूल में भव्य करियर मेले ‘उद्यम’ का आयोजन, 40 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने विद्यार्थियों को दिखाए उज्ज्वल भविष्य के रास्ते

मऊ। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विविध अवसरों और भविष्य में उपलब्ध करियर की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को सनबीम स्कूल, मऊ में भव्य करियर मेले ‘उद्यम’ का आयोजन किया गया। मेले में देश के 40 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने अपने प्रदर्शनी कक्ष लगाए और विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, उच्च शिक्षा के विकल्पों तथा रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस आयोजन में जनपद के 10 विद्यालयों के लगभग एक हजार कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि, अभिरुचि और शैक्षिक प्राथमिकताओं के अनुसार विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा भविष्य की शैक्षिक एवं व्यावसायिक योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राकेश गर्ग ने प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने आकर्षक संगीतमय प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सुरमय बना दिया।

करियर मेले में चिकित्सा, अभियांत्रिकी, प्रबंधन, विधि, वाणिज्य, कला एवं विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। सनबीम विमेंस कॉलेज भगवानपुर एवं वरुणा, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, मोडी यूनिवर्सिटी, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, एलपीयू, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, क्वांटम यूनिवर्सिटी, यूपीईएस यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी के स्टॉल पर विद्यार्थियों का विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर प्रबंधक राकेश गर्ग ने कहा कि करियर मेला विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से उन्हें उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों की जानकारी मिली है और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने का अवसर प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन आस्था यादव ने किया। समापन अवसर पर प्रबंधक राकेश गर्ग ने विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया तथा आयोजन में उनके बहुमूल्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *