दो साल का सफर पूरा, HAYA TV ने स्थापना दिवस पर पत्रकारों व समाजसेवियों को किया सम्मानित
मऊ। जिले के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म HAYA TV के दो वर्ष पूरे होने पर बुधवार शाम गिरहस्त प्लाजा में द्वितीय स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पत्रकारिता, प्रशासन, पुलिस और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। HAYA TV की ओर से समारोह में उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि मऊ के पत्रकारों की कार्यशैली काफी सराहनीय है। उन्होंने HAYA TV के आयोजक जाहिद इमाम को बधाई देते हुए कहा कि वे निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही उनकी शुभकामना है।
विशिष्ट अतिथि एडीएम प्रवेन्द्र कुमार ने कहा कि कम समय में HAYA TV ने जो लोकप्रियता हासिल की है, वह सराहनीय है। विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए। जिला सूचना अधिकारी धनपाल सिंह एवं बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए HAYA TV की टीम को बधाई दी।
समारोह में HAYA TV की दो वर्ष की यात्रा और डिजिटल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल मीडिया के विस्तार के दौर में समाचारों को तेजी और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने HAYA TV की टीम को दो वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पत्रकारिता, प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, पत्रकारों और विशिष्ट अतिथियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

सम्पादक अमरेश सिंह व आयोजक जाहिद इमाम ने अतिथियों, पत्रकारों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि HAYA TV निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनसरोकार से जुड़े समाचारों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ आगे भी कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह, मरदह थाना प्रभारी अनिल सिंह, सरायलखंसी थाना प्रभारी, दक्षिणटोला थाना प्रभारी बसंत लाल, कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, गणमान्य लोग और पत्रकार मौजूद रहे। इस दौरान HAYA TV के संरक्षक व संचालनकर्ता दुर्गा किंकर सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया है।




