पैराग्वे से आए विदेशी मेहमानों ने नंदन बाल विद्या मंदिर अमिला का किया भ्रमण
• विद्यार्थियों से संवाद कर जाना भारतीय शिक्षा व्यवस्था का अनुभव
अमिला, मऊ। नंदन बाल विद्या मंदिर, अमिला में पैराग्वे से आईं पत्रकार जाजमिन रोमेरो एवं Global Politics & Economics Scholar जिओलियानो सरोब्बी ने विद्यालय का भ्रमण किया। भारत यात्रा के दौरान विद्यालय पहुंचे विदेशी अतिथियों का स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों ने स्वागत किया।
विदेशी अतिथियों ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों के सीखने के वातावरण को करीब से देखा। उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों की गतिविधियों को समझा और शिक्षकों से बातचीत के माध्यम से विद्यालय में अपनाई जा रही शिक्षण पद्धति की जानकारी ली।
इस दौरान बच्चों के साथ विदेशी मेहमानों का संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने अतिथियों से बातचीत की और उनके देश, संस्कृति तथा वहां की शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की। विदेशी अतिथियों ने भी बच्चों के साथ सहजता से बातचीत की और उनके साथ समय बिताया।
विद्यालय प्रबंधन के साथ इंटरैक्शन सेशन के दौरान शिक्षा, वैश्विक परिदृश्य और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा के माध्यम से दुनिया के अलग-अलग देशों के बीच बेहतर समझ एवं सांस्कृतिक संवाद को महत्वपूर्ण बताया।
नंदन बाल विद्या मंदिर का संचालन अमिला के पूर्व चेयरमैन नन्दन गुप्ता के नाम पर किया जा रहा है। विद्यालय में विदेशी अतिथियों का आगमन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए विशेष अनुभव रहा।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय संवाद विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विदेशी अतिथियों के साथ बातचीत से विद्यार्थियों को नई सीख, अलग संस्कृति को समझने और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में शिक्षा एवं सामाजिक जीवन के बारे में जानने का अवसर मिला।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संवाद जारी रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को स्थानीय शिक्षा के साथ-साथ वैश्विक सोच विकसित करने का अवसर प्राप्त हो सके।








