भरोसा : नपा अध्यक्ष ने कहा नगरवासियों को आवश्यक मूलभूत नागरिक सुविधायें जल्द होंगी उपलब्ध
मऊ। पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने नगर क्षेत्र के वार्ड सं0 4 मुहल्ला ताजोपुर में वृहस्पतिवार को चन्द्रदेव राजभर से पुलिया तक लगभग 9.73 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले नाला व आर.सी.सी. स्लैब कार्य का लोकार्पण किया।
मौके पर मौजूद वार्ड सभासद मुकेश कुमार सिंह ने पालिकाध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं निर्माण सम्बन्धी कार्याें के प्रति श्री पालकी से क्षेत्रीय अवाम की अपेक्षायें बतायीं। वार्ड सभासद ने कहा कि हमारे वार्ड में आवश्यक विकास के मार्ग को प्रशस्त किया जाना जरूरी है जिसके लिये आपका विशेष ध्यान अपेक्षित है।
पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि जब से हमने बोर्ड का कार्यभार संभाला है नगर के समुचित विकास के क्रम में पथ-प्रकाश, जल निकासी तथा पेयजलापूर्ति जैसे अति महत्वपूर्ण मामलों पर विशेष रूप से कार्य किया है। मकसद यह है कि जितनी जल्द हो सके विद्यमान समस्याओं से नगरवासियों को निजात दिलायी जा सके। उन्होंने बताया कि इस में हमें कामियाबी भी प्राप्त हुयी है। अवाम की सुविधाओं को लक्ष्य बनाते हुये नगर के अधिकांश क्षेत्रों में नाला निर्माण के साथ अन्य कई स्थानों पर सुलभ शौचालयों का भी निर्माण कार्य प्रगति पर है। श्री पालकी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत घरों में बनने वाले सौचालयों के लिये जिन लाभार्थियों को अनुदान के रूप में रु0 4000.00 की पहली किश्त दी जाचुकी है उनका कार्य पूर्ण एवं संतोषजनक पाये जाने पर दूसरी किश्त के रूप में रु0 12000.00 की अनुदान धनराशि उन लाभार्थियों के खातों में स्वतः पहुँच जायेगी। उपयोगिता रिपोर्ट आने के पश्चात अनुदान राशि की तीसरी एवं अन्तिम किश्त की शेष 4000.00 रूपये की धनराशि भी अदा कर दी जायेगी। श्री पालकी ने बताया कि नगर उन्नति कर रहा है और हमारा कदम लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ रहा है। हम नगर को माडल नगर बनाने के मार्ग पर अग्रसर हैं। इन विकास एवं निर्माण कार्याें से जल्द ही नगरवासियों को पर्याप्त आवश्यक मूलभूत नागरिक सुविधायें भी उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुकेश कुमार सिंह मेम्बर, फखरे आलम मेम्बर, मकबूल अहमद मेम्बर, मुनव्वर अब्दुल गफूर मेम्बर, पदम सिंह, रामचन्द्र तिवारी, महेन्द्र राजभर, रविन्द्र यादव, रंजीत राजभर, विजय राजभर, अंगद कुमार आदि उपस्थित रहे।

