खबर का असर : भागलपुर पुल के मरम्मत कार्य शुरू होने से हर्ष
(अशोक जायसवाल)
बिल्थरारोड, बलिया। बलिया को देवरिया जिले व बिहार प्रांत से जोड़ने वाले भागलपुर पुल के मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। पिछले 22 मार्च को अपना मऊ में चली खबर के बाद प्रशासन की तंद्रा टूटी तथा आनन-फानन में इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। पुल की मरम्मत का कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय लोगें के साथ ही ट्रक मालिकों में हर्ष की स्थिति है।
भागलपुर पुल के जोड़ों में बढ़ रही दरार से वाहन चालकों में दहशत की स्थिति थी। तीन वर्ष पूर्व पुल की बेयरिंग क्षतिग्रस्त होने से बलिया से देवरिया व बिहार प्रांत के लिए आवागमन ठप हो गया था। इसके चलते जहां भारी वाहनो पर 13 माह वहीं हल्के वाहनो पर 6 माह तक की रोक लगा दी गयी थी। वाहनो के आवागमन ठप होने से क्षेत्र में गन्ना क्रय केन्द्र भी नही खुल सका जिससे गन्ना किसानो के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह तो लगा ही वहीं बालू व गिट्टी की ढुलाईकर परिवार का पेट पालने वाले ट्रक मालिको के समक्ष भी जीविका का संकट उत्पन्न हो गया था। तब हालात यह थी कि देवरिया जिले में बारात ले जाने-आने के लिए वाहनो को दाहरीघट होकर 106 किमी से अधिक दूरी तय करने को मजबूर होना पड़ा था। पुल के बीच बढ़ रही दरारों की इस खबर को अपना मऊ ने प्रमुखता से उठाते हुए इसकी मरम्मत की मांग की थी। अपना मऊ में चली खबर का असर यह रहा कि पिछले तीन दिनो से इसके दरारों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। समय रहते पुल की मरम्मत शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

