अपना जिला

पहाड़पुरा, मऊ में तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल जागरूकता प्रशिक्षण का शुभारंभ

मऊ। बजाज फिनसर्व एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘सक्षम परियोजना’ के अंतर्गत जनपद मऊ के पहाड़पुरा में तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता, डिजिटल जागरूकता एवं उत्पाद विकास प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ सहायक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, मऊ मृत्युंजय यादव ने किया।

मुख्य अतिथि मृत्युंजय यादव ने कहा कि स्वरोजगार एवं सूक्ष्म उद्यमों को बढ़ावा देना देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाते हुए वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल तकनीकों को अपने व्यवसाय में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सक्षम परियोजना को सूक्ष्म उद्यमियों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए ईडीआईआई एवं बजाज फिनसर्व को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ परियोजना अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय ने सक्षम परियोजना के उद्देश्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
परियोजना सहायक अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि ईडीआईआई के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला के नेतृत्व एवं परियोजना निदेशक डॉ. अमित कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में सक्षम परियोजना पूर्वी उत्तर प्रदेश के मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर एवं अयोध्या जनपदों में प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि चयनित लाभार्थियों को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन, बैंकिंग सेवाएं, बीमा, बजट एवं नकदी प्रवाह प्रबंधन तथा व्यवसाय विस्तार जैसे विषयों पर निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उद्यमियों को हैंडहोल्डिंग सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सूक्ष्म उद्यमियों एवं महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *