ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल बनेगा पूर्वांचल का बड़ा क्रिटिकल केयर सेंटर
• मुख्यमंत्री योगी बोले- डॉक्टर सेवाभाव और सहानुभूति को बनाएं अपनी पहचान
मऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जनपद के ताजोपुर स्थित ‘ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह अस्पताल पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जिन वीर जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया, उनके और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वांचल के लोगों को सीटी स्कैन, डायलिसिस और वेंटिलेटर जैसी सुविधाओं के लिए बड़े शहरों की ओर भागना पड़ता था, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ताजोपुर स्थित यह अस्पताल अत्याधुनिक आईसीयू, सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे और लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन को सेवाभाव के साथ कार्य करने की सीख देते हुए कहा कि मरीज के प्रति सहानुभूति और मधुर व्यवहार ही चिकित्सा सेवा की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, जनता का शोषण और दवाओं की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के संस्थापक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह की सराहना करते हुए कहा कि सेना में 33 वर्षों की सेवा के बाद उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य, नर्सिंग और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल केवल चिकित्सा सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वावलंबन और सामाजिक सेवा का भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल मऊ के साथ-साथ आजमगढ़, बलिया और गाजीपुर जैसे जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उद्घाटन के बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और तकनीकी इकाइयों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में ब्रिगेडियर डॉ. पीएन सिंह ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।







