मऊ की बेटी अंकिता सिंह ने यूजीसी-नेट में हासिल की बड़ी सफलता, 98.17 पर्सेंटाइल के साथ हुईं क्वालिफाइड
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। विकास खंड के बारा गांव की होनहार छात्रा अंकिता सिंह ने यूजीसी-नेट दिसंबर 2025 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इतिहास विषय से परीक्षा देते हुए अंकिता ने 300 में 198 अंक प्राप्त कर 98.17 पर्सेंटाइल हासिल की है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार अंकिता सिंह को असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी में प्रवेश के लिए योग्य घोषित किया गया है। सामान्य वर्ग से आने वाली अंकिता ने यह सफलता कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के दम पर अर्जित की है।
इतिहास विषय में इस वर्ष कुल 82,844 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 60,777 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इतने बड़े प्रतिस्पर्धी स्तर पर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करना उनकी मेधा का प्रमाण है।
अंकिता सिंह, बारा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान सुनील सिंह एवं शिक्षामित्र उषा सिंह की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अंकिता की सफलता पर धर्मेंद्र सिंह, गणेश कुमार गोंड़, अरविंद सिंह, अशोक कुमार निषाद, आशीष प्रताप सिंह सोनू, अतुल कुमार सिंह, हैप्पी सिंह, नंद कुमार नंदू सहित कई लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

