खास-मेहमान

लघुकथा-शब्द मसीहा : मिट्टी का हेल्थ कार्ड

गाँव में हडकंप मच गया था . रादीन किसान अपने ही खेत के पेड़ पर फंदा खा गया था . जिस डाल पर कभी उसने उसने अपने बच्चों को सावन में झूले पर बैठा कर गीत गाये थे . अब रुदन ही रुदन था और वह शांत लटका हुआ था .

सरकारी सुविधा का फायदा ही निकला उसके सुसाइड नोट की जगह मिटटी के हेल्थ कार्ड के रूप में . एक बटुआ था जिसमें कई पर्चियां थीं जिनका भुगतान होना था आढ़ती से. कुछ कर्जदार भी आ पहुंचे थे .

“अरे! भाई , इसके नाम खेत के अलावा भी कुछ था क्या ? कर्जा कौन चुकाएगा ? ये तो हो लिया सुखी …लटक के .” एक आदमी बोला .

“भाई ! बड़ा भला मानस था . साल भर में कई बार आया पैसे मांगने पर कभी झगडा नहीं किया . मेरी तरफ जो निकलता हो इसका पर्ची दिखा के ले लो . अब राम जी को तो मुझे भी मुंह दिखाना है .” एक आढ़ती बोला .

“अरे! हम रास्ता जाम कर देंगे . किसान मरा है. सरकार को मुआवजा देना होगा .” एक नेता बोला .

“अरे! नेता जी , दो साल पहले ये भी किया था आपने . डंडे मिले हमें पुलिस के मुआवजे में एक टांग अब भी सीधी नहीं पड़ती .” एक किसान बोला .

“कोई और नेता बुला लो . ये कमीशन ज्यादा लेता है .” एक और पीड़ित किसान बोला .

” रहने दो सब . इसे नीचे उतारो और यहीं जला दो खेत में .” एक बूढ़ा बोला .

“नहीं दादा ! क्रियाकर्म तो करना ही पडेगा नहीं तो इसकी आत्मा को शांति नहीं मिलेगी .” एक नौजवान बोला .

“अरे! ये शान्ति के लिए ही तो लटका है …पूरी शान्ति . रहने दो इन रिवाजों के लिए ज़िन्दा जलने का डीएम नहीं है इन बूढी हड्डियों में . यहाँ जलेगा तो मिटटी का हेल्थ कार्ड और अच्छा हो जाएगा .” बूढ़ा इस से ज्यादा और नहीं बोल सका और धम्म से जमीन पर फ़ैल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *