अपना जिला

ठेकेदारों संग बैठक में नपा अध्यक्ष ने चेताया, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष दें ध्यान, लापरवाही क्षम्य नहीं

मऊ। नगर पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी ने नगर पालिका स्थित मीटिंग हाल में सोमवार नगर पालिका परिषद द्वारा जिन ठेकेदारों से निमार्ण कार्य कराये जा रहे हैं उनके साथ एक विशेष बैठक कर कार्याें की समीक्षा की। बैठक में श्री पालकी का विशेष रूप से समय के अन्दर कार्य पूर्ण करने एवं निर्माणाधीन कार्याें की गुणवत्ता पर ध्यान केन्द्रित रहा। श्री पालकी ने इस बैठक में समीक्षा के दौरान ठेकेदारों से उनके द्वारा कराये जा रहे कार्याें की विस्तृत जानकारी ली। कार्याें के अपेक्षा के अनुकूल न होने पर नाराजगी जताई। इस सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

इस बात का विशेष ध्यान रखें कि निर्माण के दौरान नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं को बनाये रखा जाये और जिस कदर सम्भव हो निर्माणाधीन क्षेत्रों की अवाम को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने ठेकेदारों को निर्देश देते हुये कहा कि आप द्वारा मानक के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता भी बनाये रखना अनिवार्य है। चेतावनी के बावजूद यदि कोई ठेकेदार मानक के विपरीत कार्य करता है तो उसके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। उसे ब्लैक लिस्टेड किया जायेगा तथा उसका पंजीयन भी निरस्त किया जा सकता है।

इस सम्बन्ध में जनता की सुविधा का पूर्ण ध्यान रखते हुये उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिये हैं। कहा कि वे तत्काल ऐसे मामलों को जिससे नगर की अवाम को तनिक भी परेशानी का सामना हो को संज्ञान में लेते हुये अविलम्ब हल करें।

पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने अली नगर में निरीक्षण के दौरान बिना छड़ की पटिया मिलने पर सम्बन्धित ठेकेदार पर नाराजगी जतायी तथा उसके खिलाफ कार्यवाही करने का निर्देश दिया। श्री पालकी ने जे0ई0 (निर्माण) भालचन्द राय को आदेश देते हुये कहा कि पटिया में मानक के अनुरूप सरिया का प्रयोग करायें। इस सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष ने सम्बन्धितों को भी निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों को सही ढंग से निभायें।

बैठक में अधिशासी अधिकारी आशीष ओझा सहित पालिका के अधिकारी कर्मचारी व ठेकेदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *