नगर विकास मंत्री एके शर्मा का पहले किया सम्मान फिर दिया ज्ञापन
घोसी संघर्ष समिति घोसी के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने देव दीपावली के दिन अचानक माननीय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मिलने का अवसर प्राप्त होने पर उनसे मुलाकात की।
मंत्री जी उस समय मऊ मंगलम में रुके हुए थे। अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने ज्ञापन देकर मऊ से चलने वाली सभी साप्ताहिक ट्रेनों (दिल्ली, मुंबई, पुणे आदि गंतव्यों की ओर जाने वाली) का संचालन दोहरीघाट से करने की मांग की।
इस विषय पर उन्होंने मंत्री एके शर्मा से विस्तारपूर्वक वार्ता की और कहा कि दोहरीघाट से ट्रेनों का संचालन क्षेत्र की बड़ी जनसमस्या है, जिसे शीघ्र हल किया जाना चाहिए।
मंत्री ए.के. शर्मा जी ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि बहुत जल्द ही रेल मंत्री से वार्ता करके आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान ऐतिहासिक सरोवर सीताकुंड के सुंदरीकरण एवं नगर की अन्य विकासात्मक समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री जी ने इन सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का भरोसा दिलाया।
अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि अप्रैल 2024 में घोसी नगर में बड़ा नाला सड़क के दोनों तरफ बनाने हेतु ज्ञापन संख्या 1065/24/4/2024 दिया गया था, जिसे मंत्री जी ने स्वीकृति प्रदान करते हुए ₹31 करोड़ 24 लाख 40 हजार रुपए की राशि मंजूर की है। यह कार्य अब शीघ्र प्रारंभ होने वाला है।
इस अवसर पर मंत्री जी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया तथा समिति की ओर से उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही राजेश जायसवाल ने भी नगर की अन्य समस्याओं पर चर्चा की, जिन पर मंत्री जी ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि बहुत जल्द ही पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से गोरखपुर जाकर वार्ता की जाएगी और उसके बाद रेल मंत्रालय, नई दिल्ली जाकर रेल मंत्री जी से मुलाकात की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोहरीघाट से ट्रेनों का संचालन शीघ्र शुरू नहीं हुआ, तो घोसी संघर्ष समिति आंदोलन करने के लिए तैयार है।
अंत में उन्होंने कहा —
“हर ज़ोर-जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है।
घोसी की तरक्की और इंसानियत को ज़िंदा रखना ही हमारा लक्ष्य है।”

