Uncategorized

यूपी सरकार के उर्जा मंत्री से बुनकरों का प्रतिनिधिमण्डल मिला, मंत्री ने कार्पारेशन के चेयरमैन को समाधान हेतु दिया निर्देश

लखनऊ। मेरठ के विधायक हाजी रफीक अंसारी के साथ मऊ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व उ0प्र0 बुनकर फोरम के अध्यक्ष अरशद जमाल व टाण्डा से हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी के नेतृत्व में प्रदेश के बुनकर बाहुल्य क्षेत्रों से एक प्रतिनिधिमण्डल ने लखनऊ पहुँच कर पिछले दिनों उ0प्र0 सरकार के उर्जा मंत्री से मुलाकात कर बुनकरों के फ्लैट रेट के पास बुक को लेकर आ रही समस्या के समाधान के बारे में विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमण्डल ने बुनकरों की पीड़ा एवं व्यथा से सम्बन्धित उ0प्र0 सरकार के उर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा को एक मांग पत्र भी सौंपा। श्री जमाल ने बताया कि पत्र में बुनकरों की समस्याओं से ऊर्जा मंत्री को अवगत कराते हुये कहा गया है कि हमारे द्वारा पूर्व में भी विगत 21 फरवरी 2018 को एक पत्र के जरिये राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित डी0बी0टी0 के माध्यम से पावरलूम बुनकरों के खाते में सीधे विद्युत सब्सिडी भेजने के प्रस्ताव के स्थान पर पुरानी व्यवस्था पावरलूम बुनकरों को दी जा रही फ्लैट रेट योजना को पूर्व की भांति यथावत लागू रखने का आग्रह किया गया था।

श्री जमाल ने बताया कि प्रतिनिधिमण्डल ने मंत्री जी से वार्ता के दौरान मांग करते हुये कहा कि पावरलूम लघु उद्योग के विकास एवं बुनकरों के कल्याण हेतु किसानों की भांति पावरलूम बुनकरों को भी वित्तीय वर्ष 2006-2007 से तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा सस्ते दर फ्लैट रेट पर बिजली दिये जाने का बजट में प्राविधान कर आदेश पारित किया गया था को ही पूर्ववत् लागू रखा जाये।
पूर्व पालिकाध्यक्ष श्री अरशद जमाल ने उर्जा मंत्री से मुलाकात के बाद मऊ आने पर प्रेस नोट में बताया कि ज्ञाप में कहा गया है कि प्रदेश में किसानों के बाद सबसे अधिक लोग बुनाई के कारोबार से लगे हुये हैं, जो पावरलूम के माध्यम से अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं, परन्तु भारी-भरकम विद्युत बिलों का भुगतान करने में असमर्थ एवं अक्षम हैं।

इसी सोच के परिप्रेक्ष्य एवं पावरलूम लघु उद्योग के विकास तथा बुनकरों के कल्याण हेतु तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी पर आधारित बुनकर फ्लैट रेट टैरिफ लागू किया गया है, जिसके द्वारा बुनकरों को मशीनों की क्षमता के अनुसार रु0 130/- प्रति हार्स पावर प्रतिमाह तथा साथ ही 10 प्रतिशत अतिरिक्त बत्ती पंखा का विद्युत विभाग में जमा करना होता है, शेष बिल की धनराशि सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में विद्युत विभाग को दी जाती है।

इस सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि उक्त पावरलूम बुनकर सब्सिडी पूर्व में सीधे सरकार द्वारा कारपोरेशन को दी जाती थी पर वर्तमान में प्रश्नगत सब्सिडी हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के माध्यम से दी जाने लगी है। अरशद जमाल ने बताया कि पत्र में उ0प्र0 सरकार से दिनांक 14 जून 2016 को जारी पावरलूम बुनकरों का फ्लैट रेट शासनादेश संख्या 1969/24-पी-3-2006 को पूर्व की भांति यथावत लागू रखने के साथ इस सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करने की मांग भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि पत्र में कहा गया है कि विद्युत विभाग द्वारा राज्य सरकार से पावरलूम की सब्सिडी लेने के लिये प्रस्तुत की गयी फर्जी व मनमानी बिल की जांच करायी जाये। जिन अधिकारियों ने फर्जीवाड़ा किया है उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुये विद्युत विभाग द्वारा ली गयी अत्यधिक एवं मनमानी धनराशि को विद्युत विभाग से वापस लिया जाये/पावरलूम बुनकरों की सब्सिडी में समायोजित किया जाये। इसी के साथ यह भी मांग की गयी है कि प्रदेश के समस्त विद्युत वितरण खण्डों को निर्देशित किया जाये कि पावरलूम फ्लैट रेट शासनादेश 2006 के क्रम में बुनकरों को नये कनेक्शन देने और लोड बढ़ाने/घटाने की प्रक्रिया को तत्काल प्रारम्भ किया जाये तथा बुनकरो का शोषण एवं उत्पीड़न रोका जाये।

पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने मऊनाथ भंजन से लखनऊ पहुँचे बुनकरों के इस प्रतिनिधिमण्डल को गौर से सुना और घण्टे भर हुयी उनसे विस्तृत चर्चा के दौरान उन्होंने बुनकरों से अपनी हमर्दी जाहिर करते हुये अतिशीघ्र कोई बेहतर एवं ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसी के साथ उन्होंने मीटिंग में उपस्थित पावर कार्पारेशन के चेयरमैन को मांग-पत्र देकर उन्हें इसके समाधान का निर्देश भी दिया।

श्री जमाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने के लिये समय मांगा गया है ताकि बुनकरों का प्रतिनिधिमण्डल उनके समक्ष भी अपनी समस्या रख सके। प्रतिनिधिमण्डल में टाण्डा से हाजी रईसुददीन अंसारी, जर्रार अहमद, नसीम अहमद, जलालपुर से हाजी इमामुददीन, मो0 हाशिम, गोरखपुर से अजीजुलहई, बाबराबंकी से मेराज अहमद, खलीलाबाद से इलियास अहमद, सन्तकबीरनगर से रमाशंकर पासवान, अमीरुददीन, मऊ आईमा से यासीन अंसारी, इत्यादि लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *