ओवरटेक के दौरान बाइक से टक्कर, इलाज के दौरान महिला की मौत
अमिला/मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल मोड़ के पास दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल अधेड़ महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अमिला निवासी 55 वर्षीय किरण राय पत्नी दयाशंकर राय मंगलवार को दवा लेने के लिए बाइक से मऊ जा रही थीं। इसी दौरान पिढ़वल मोड़ के पास ओवरटेक के चक्कर में पीछे से आ रही बाइक ने उनकी डिग्गी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल किरण राय को 112 नम्बर पुलिस ने पास स्थित नवजीवन अस्पताल मे भर्ती कराया पश्चात प्राथमिक इलाज के उपरांत आजमगढ़ लाइफ लाइन के लिए रिफर कार दिया वहा से पुनः रिफर वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। दयाशंकर राय की माता शांति देवी, बहू के निधन की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। वहीं मृतका के पुत्र मयंक और सक्कू बिटिया का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा।

