Uncategorized

मोबाइल कोर्ट का आयोजन, न्यायाधिकारी अमरनाथ ने दरगाह में की सुनवाई

@ पवन कुमार पांडेय
मधुबन । ग्रामसभा दरगाह में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया ।जिसमें ग्राम न्यालय जजौली के न्यायाधिकारी अमरनाथ ने सालों से चल रहे कई विवादों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया। भाजपा मण्डल अध्यक्ष हरिओम शर्मा एवं ग्रामप्रधान लक्ष्मण वर्मा के प्रयास से प्राथमिक विद्यालय दरगाह-2 के परिसर में आयोजित इस आयोजन में कुल 13 मुक़दमों की फाइल पेश हुईं। इसमें न्यायाधीकारी द्वारा 9 मुक़दमों में अपना निर्णय देते हुए उसे निस्तारित किया गया। गांव में पहली बार इस प्रकार के आयोजन देख ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आये।
आयोजन के सम्बन्ध में न्यायाधीकारी अमरनाथ ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न्याय को पीड़ितों के द्वार तक पहुंचाना है। इल्लाहाबाद उच्च न्यायलय के निर्देश के क्रम में जनपद न्यायधीश के निर्देशन में आज यहां मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। गांव में कई ऐसे छोटे-छोटे विवाद हैं जो सालों से लंबित हैं। ग्रामीण न्यायालय इस प्रकार के मामलों को देखती है। कोशिश रहती है कि आपसी सुलह समझौता के आधार पर इनको निस्तारित करा दिया जाए। आज के इस आयोजन में लोगों को उनके कानूनी अधिकार के सम्बन्ध में भी जानकारी दी गयी।
उन्होंने बताया कि संक्षिप्त विचारण के मामले जैसे घरेलू हिंसा, छोटे-मोटे जमीनी विवाद आदि के मामले ग्रामीण न्यायालय में ही निस्तारित हो सकते हैं। इसके लिए जिला कोर्ट या उससे ऊपर जाने की कोई जरूरत नहीं।
इस अवसर पर सहायक अभियोजन अधिकारी अनिल यादव, अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार मौर्य, विमलेश यादव, खड़क बहादुर सिंह, सूर्य प्रकाश पांडे, चंदन साहनी, उग्रसेन मल्ल, लेखपाल मनोज यादव, ग्राम पंचायत अधिकारी, सुनील मौर्य, आशुतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *