अपना जिला

स्वकर प्रणाली को लेकर चेयरमैन, सभासद एवं कर विभाग के अधिकारी एक साथ बैठे

o1 अप्रैल 2025 से प्रभावी है स्वकर प्रणाली व्यवस्था-अरशद जमाल

मऊनाथ भंजन के नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने स्वकर प्रणाली को लेकर अपने कक्ष में साभासदों एवं कर विभाग के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। इस बैठक में स्वकर प्रणाली से संबन्धित बिन्दुओं पर चर्चा के दौरान स्वकर को सहज बनाने वाली प्रक्रिया अपनाने पर विचार विमर्श किया गया।

पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि मऊ नगर पालिका क्षेत्र में स्वकर प्रणाली पहली अप्रैल 2025 से लागू हो चुकी है। इस संबन्ध में पालिका के सम्मानित सभासदों एवं कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक बिन्दुओं पर चर्चा हुयी है। उन्होंने बताया कि बैठक मंे स्वकर प्रणाली की जटिलताओं को सहल बनाने के लिये वरिष्ठ सभासदों ने अपने अपने विचार रक्खे।

श्री जमाल ने बताया कि उक्त बैठक में कई निर्णय लिये गये जिसमें विशेष रूप से यह तय हुआ कि नई कर प्रणाली के अनुसार आम सर्वे के माध्यम से मकानों पर कर लगाये जाने की प्रक्रिया आरम्भ कर दी जाये, नगर पालिका द्वारा स्वकर आवेदन हेतु फार्म नगर पालिका द्वारा मुफ्त दिया जाये, सर्वे के दौरान जो आवेदक अपने आवेदन पत्र में अध्यासित भवन के स्वामित्व के कागजात संलग्न करें उन्हें स्वामी एवं जो कागजात संलग्न नहीं कर पायें उनका नाम अध्यासी के कालम में दर्ज किया जाये। उन्होंने बताया कि किसी भी भवन पर स्वकर निर्धारण हेतु अध्यासी आवेदक द्वारा स्वतः जो जानकारियां उपलब्ध करायी जायेंगी उन्हीं के अनुसार मूल्यांकन करने के उपरान्त पालिका द्वारा सम्बन्धित भवन पर कर निर्धारित कर दिया जायेगा परन्तु करारोपित भवन पर यह कर निर्धारण तब तक चलता रहेगा जब तक इससे सम्बन्धित कोई आपत्ति पालिका को प्राप्त नहीं होती।
अध्यक्ष जी ने बताया कि स्वकर प्रणाली के अनुसार कर निर्धारण हेतु आवदेन के 15 दिनों के भीतर कर विभाग द्वारा कर निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदक को कर जमा करने हेतु डिमाण्ड स्लिप उपलब्ध करा दी जायेगी।

श्री जमाल ने बताया कि बैठक में सभासदों के सुझाव पर यह भी तय हुआ कि वेरासत वाले मामलों में नामांतरण हेतु वार्ड सभासदों द्वारा बनाया गया वारिस प्रमाण-पत्र ही मान्य हो, इसके लिये बोर्ड की अगली बैठक में प्रस्ताव लाया जायेगा।

स्वकर प्रणाली से सम्बन्धित बैठक में सम्मानित सभासदगण, कर अधीक्षक संतोष कुमार, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय आदि समेत सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *