अपना जिला

इस सत्र में विकास एवं निर्माण कार्याें पर नगर पालिका 698610000 रुपये खर्च करेगा

मऊ। नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन में सोमवार को पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने बोर्ड के समक्ष 2018-19 का बजट प्रस्तुत किया। इस बजट में गृहकर, जलकर, लाइसेंस खाद्यपदार्थ, पार्किंग स्टैण्ड, जलकल विविध, 14वां वित्त, राज्य वित्त आयोग, सम्पत्ति हस्तान्तरण विलेख शुल्क, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन योजना एवं अन्य स्रोतों से संयुक्त अनुमानित आय 699012000.00 जबकि विकास एवं निर्माण कार्याें पर 698610000.00 खर्च होगा। इस प्रकार यह बजट 402000.00 रूपये फायदे का बजट रहा। इस बजट में निर्माण, सफाई, पथ-प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था में सुधार के लिये बल दिया गया है।
मीटिंग में एजेण्डे में विशेष रूप से विज्ञापन शुल्क की वसूली, ब्रम्हस्थान टैक्सी स्टैण्ड की नीलामी, नलकूपों के संचालन व पाइप लाइन लिकेज मरम्मत, नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पालिका कम्प्यूटरों के संचालन, लोडर एवं डम्पर के संचालन, वार्डाें एवं मा0 कांशीराम जी शहरी गरीब आवासों में सफाई व्यवस्था, पालिका की भूमि के सीमांकन व चिन्हीकरण कराये जाने हेतु ठीके पर दिये जाने आदि जैसे बिन्दुओं पर चर्चा हुयी। दोहरी लेखा प्रणाली पर आधारित लेखों के रख-रखाव हेतु चार्टर्ड एकाउन्टेंट की सेवा, ब्रम्हस्थान में स्थित पालिका द्वारा निर्मित दुकानों के ऊपर नयी दुकान बनाये जाने, मुहल्ला सब्जी मण्डी में पालिका द्वारा पूर्व में निर्मित जर्जर पुरानी दुकानों को ध्वस्त करके नई दुकानों का निर्माण कार्य कराये जाने पर विचार के साथ सफाई कर्मचारियों को बढ़ाये जाने पर भी विचार हुआ।
पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने बताया कि बोर्ड ने निर्माण कार्याें की गुणवत्ता में सुधार एवं सफाई व्यवस्था को विशेष रूप से और अधिक बेहतर बनाने पर बल देते हुये 18 बिन्दुओं पर आधारित जनहित एवं जन सुविधाओं वाले सभी प्रस्तावों को ध्वनिमत से पारित कर दिया है। साथ ही उन्होंने नगर के समुचित विकास के मार्ग को प्रशस्त्र करने के लिये लगभग 70 करोड़ रूपये के इस बजट को पास करने हेतु समस्त सभासदों का आभार व्यक्त किया। इसी के साथ ही कर्मचारियों को सतर्क भी किया। कहा कि किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। श्री पालकी ने बताया कि बोर्ड सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये भूमि भी क्रय करेगा। पालिका की भूमि चिन्हित कर हर सप्ताह एक भूमि को सुरक्षित किया जा रहा है। आजमगढ़ तिराहे से बालनिकेतन तक एवं रेलवे क्रासिंग से सदर चौक तक एवं शहर में जहां-जहां सम्भव है डिवाइडर बनाया जायेगा ताकि जाम पर काबू पाया जा सके। श्री पालकी ने कहा कि नगर स्थित चौकों के सुन्दरीकरण हेतु नगर के व्यवसायी आगे आयें जो लोग आर्थिक सहायता कर चौक का सुन्दरीकरण कराने में पालिका को सहयोग देंगे शिलापट्ट पर उनका नाम दर्ज होगा। उन्होंने मिर्जाहादीपुरा चैक को अपने स्तर से हाईवे बनने के बाद सुन्दरीकृत कराने की घोषणा भी की। श्री पालकी ने कहा कि हम कहने से अधिक करने में विश्वास रखते हैं। हमारा मकसद नगर को बेहतर व्यवस्था देना है। इस क्रम में जाम की समस्या पर काबू पाने हेतु अतिक्रमण हटाने के साथ ठेले वालों एवं पटरी दुकानदारों को उचित स्थान मुहैया कराये जायेंगे तथा पार्किंग की भी उचित व्यवस्था की जायेगी। सफाई कर्मियों की संख्या में वृद्धि के साथ ही कचड़ा निस्तारण हेतु सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये जमीन की जल्द ही क्रयदारी की जायेगी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि निर्णय लिया गया है कि नगर क्षेत्र में स्थित छूटे हुए भवनों पर कर लगाने हेतु 31 मार्च, 2018 तक आवेदन कर दें। सदस्यों द्वारा ध्यानाकृष्ट कराये जाने पर उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने एवं मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए नियमित रुप से दवा का छिड़काव कराया जाये। उन्होंने बताया कि बरसात आने से पहले नगर क्षेत्र के सभी नालों को साफ करा दिया जायेगा।
बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने की। इस अवसर पर समस्त सभासदगण, अधिशासी अधिकारी-आशीष ओझा, कर अधीक्षक-गुफरानुल हई, राजस्व निरीक्षक-आदर्श त्रिपाठी, अवर अभियंता (जल)-बब्बन प्रसाद, अवर अभियंता-भालचन्द्र राय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक-नरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *