अहिंसा के प्रतीक बापू व शास्त्री की जयंती पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि
०गाँधी जी अहिंसा के थे प्रबल समर्थक, अहिंसा के माध्यम से ही दिलाई थी आज़ादी-अरशद जमाल
मऊ। गाँधी जी के जन्म दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने प्रातः 9 बजे झण्डारोहण किया। तत्पश्चात् राष्ट्रगान का गायन हुआ। इसके उपरान्त राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। इसके बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुगलपुरा के छात्र एंव छात्राओं द्वारा स्वच्छता पर नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया गया तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक डा0 शहनवाज अहमद द्वारा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों एवं कार्यों को याद कर आत्मसार करने की प्रेरणा दी गयी। उन्होंने नगर पालिका के कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि आज पूरा नगर स्वच्छ एवं साफ नजर आ रहा है इसका श्रेय पालिकाध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं नगर पालिका के अमले को ही प्राप्त है जिसके लिये उन्होंने नगर पालिका के शीर्ष नेतृत्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल का आभार व्यक्त किया। इसके उपरान्त चयनित सफाई कर्मियों को उत्कृष्ट सफाई कार्य करने हेतु पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल द्वारा शाल के रूप में अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लोगों को सम्बोधित करते हुये पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने कहा कि गाँधी जी अहिंसा के प्रतीक व प्रबल समर्थक थे एवं उन्होंने अहिंसा के माध्यम से ही आज़ादी दिलाई थी। आज महात्मा गाँधी जी का जन्म दिवस है। आज ही के दिन 2 अक्टूबर 1869 को गांधी जी पैदा हुये थे। उनका पूरा नाम मोहनदास करमचन्द गांधी है। हम उन्हें सम्मान एवं प्रेम से ‘गांधी जी’ एवं ‘बापू’ कहते हैं। उन्होंने कानून की पढ़ाई की थी। उनके हृदय में सभी लोगों के लिये प्रेम, करूणा, सहिष्णुता तथा दयाभाव पूर्ण रूप से भरा हुआ था जिसके चलते पूरा विश्व उनका परिवार था। यह बातें पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने नगर पालिका में गांधी जयन्ती के अवसर पर झण्डारोहण के उपरान्त पालिका के संयुक्त बैठक कक्ष में आयोजित गाँधी जयन्ती समारोह में लोगों को सम्बोधित करते हुये कहीं। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने अहिंसा के मार्ग पर चल कर बिना ढाल एवं बिना खड्ग के ही देश को अंग्रेजों के चंगुल से आज़ादी दिलायी थी। श्री जमाल ने कहा कि गाँधी जी पूरे विश्व को अपना परिवार मानते थे। यह समुचे विश्व के लिये मानवता का एक अद्वितीय एवं अत्यन्त महत्वपूर्ण संदेश है जो आज भी पूरे विश्व के लिये अनुश्रण योग्य है। महात्मा गाँधी ने जिस भारत का सपना देखा था उस में आजादी के साथ राजनैतिक पारदर्शिता और स्वच्छ, सुन्दर एवं विकसित देश के रूप में आत्मनिर्भर भारत की कल्पना भी शामिल थी जिसे हमें एक साथ मिलकर क्रिया रूप देना है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि हमारा कर्तब्य है कि हम हर प्रकार की सामाजिक बुराइयों एवं गंदगी को दूर कर भारत में स्वच्छ समाज की स्थापना करें। इसके लिये हमें राष्ट्रपिता गाँधी जी की सीख एवं उनके आदर्शों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने अपने वक्तब्य में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी भी 2 अक्टूबर को ही पैदा हुये थे अल्बत्ता उनका जन्म वर्ष 1904 था जिन्होंने कृषि जगत में क्रान्ति लाने हेतु ‘‘जय जवान जय किसान‘‘ का नारा दिया था। कृषि क्षेत्र में बेहतरी लाने हेतु उनके प्रयासों से हमारे देश में हरित क्रांति आई जिसका नतीजा यह हुआ कि हमारे खाद्यान्न उत्पादन में बढ़ोतरी होती गयी।
इस अवसर पर श्री जमाल ने कहा कि आज हम महासफाई अभियान के तहत ‘‘सेफ सिटी’’ परियोजना एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत महात्मा गाँधी जी को स्वच्छांजलि दे रहे हैं जिसमें दो लोगों का अधिकतम योगदान शामिल है। प्रथम हमारे सफाई कर्मी जिनकी हर क्षण मेहनत के चलते पूरा नगर साफ-सुथरा एवं चमकता-दमकता नजर आ रहा है तथा दूसरे वे लोग जिन्होंने सफाई के प्रति अपनी जागरूकता के चलते नगर पालिका का सहयोग कर हमें गौरवांवित किया है। अपने सम्बोधन में श्री जमाल ने कहा कि हमें पूरे नगर को साफ रखने हेतु स्वयं तैयार रहना चाहिये क्योंकि स्वच्छ एवं स्वस्थ्य समाज की स्थापना में सफाई का बहुत बड़ा योगदान है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार नें गाँधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी की जीवनी पर चर्चा करते हुये बताया कि मोहनदास करमचन्द गाँधी एक निर्भीक एवं अहिंसा वादी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने लोगों को उनके मौलिक अधिकारों एवं स्वतन्तत्रा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि श्री लालबहादुर शास्त्री ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनका मानना था कि देश तभी मजबूत हो सकता है जब किसान मजबूत बनेगा। हमें इन दोनों महानुभावों के बताये हुए रास्तों पर चलना चाहिये। अधिशासी अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुये कहा कि सफाई जीवन स्तर को ऊपर उठाती है। इस लिये कूड़े-कचरे को इधर उधर न फेकें। आप इसे पालिका द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा कूड़े को ससमय बाहर करदें ताकि पूरा नगर साफ सुथरा बना रहे।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, सम्मानित सभासदगण, अधिशासी अधिकारी-दिनेश कुमार, कर अधीक्षक-संतोष कुमार, लेखाकार-टी0एन0 मिश्रा, राजस्व निरीक्षक-अमृता राय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक-सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, जलकल जेई-पंकज वर्मा, अवर अभियंता सिविल-मनोज कुमार सोनकर, रमेशचन्द, निर्माण लिपिक-धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।





