घोसी में मतदान को लेकर डीएम, एसपी की बैठक, फ़र्ज़ी वोटरों पर सख़्ती का निर्देश
o मौजूद रहे समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट ,पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान
मऊ। विधानसभा क्षेत्र घोसी में उप निर्वाचन के दृष्टिगत 5 सितंबर 2023 को मतदान होना है। इस हेतु जिला प्रशासन द्वारा समस्त तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में रविवार कोपुलिस लाइन स्थित परिसर में समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ जिलाधिकारी अरुण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय ने ब्रीफिंग की। इस दौरान जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटो को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान की प्रक्रिया निष्पक्षता पूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए। उन्होंने कहा कि उप निर्वाचन के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में पुलिस एवं सुरक्षा बल उपलब्ध हैं किसी भी प्रकार से मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित पुलिस एवं सुरक्षा बलों को संदेहास्पत लोगों की चेकिंग करने तथा बूथों से 200 मीटर के अंदर अनावश्यक भीड़ जमा न हो, ये भी सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि उप निर्वाचन के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है,साथ ही 100% बूथों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है। अतः मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए सभी लोग उन्हें सौंप गए कार्यों का मौके पर अनुपालन कराते हुए चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न करना सुनिश्चित करें। ब्रीफिंग के दौरान जो भी निर्देश दिए जा रहे हैं उनका गंभीरता से अनुपालन कराए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा बलों से बूथों पर उचित व्यवहार करने एवं बिना पहचान पत्र के बूथ के आसपास लोगों के दिखने पर उन्हें तत्काल वहां से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान संदेहास्पद गाड़ियों को भी चेक करने को कहा। इसके अलावा पहचान पत्रों का ठीक ढंग से सत्यापन करते हुए फर्जी मतदान न होने पाए,ये भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पिछले निर्वाचनों के अनुभव को देखते हुए जिलाधिकारी ने फर्जी मतदान को रोकने हेतु मतदाताओं के उंगली पर स्याही का निशान ठीक ढंग से लगाने तथा उसके सूखने तक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस एवं सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान के उपरांत जब तक ईवीएम स्ट्रांग रूम में जमा नहीं हो जाती, तब तक सुरक्षाकर्मी पोलिंग पार्टियों के साथ रहेंगे। उन्होंने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए साथ ही उन्हें सौंप गए दायित्व के बारे में ठीक ढंग से जानकारी रखने तथा मौके पर अनुपालन कराने को कहा। उन्होंने इस उप निर्वाचन को महत्वपूर्ण मानते हुए छोटी-छोटी गलतियों से बचने तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों को एलर्ट मोड पर रहने, पहचान पत्रों की जांच हेतु मोबाइल एप डाउनलोड कर जांच करने, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने इत्यादि के भी निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक होने पर 112 नंबर पर डायल कर सहायता लेने को भी कहा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समस्त जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं भारी संख्या में पुलिस तथा सुरक्षा बल के अधिकारी उपस्थित रहे।

