घोसी का चुनाव पूरे देश को देगी एक अलग संदेश : अखिलेश यादव
मऊ। घोसी का चुनाव पूरे देश को एक अलग संदेश देगा। जब यहाँ की जनता अपने फैसले को वोट के माध्यम से सुनाएगी तो विपक्षियों के होश उड़ जाएँगे। उक्त उद्गार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हैं जो मऊ जनपद के कोपागंज क्षेत्र के बापू इंटर कालेज के मैदान में मंगलवार को विधानसभा घोसी के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। जनता की भीड़ में सुधाकर सिंह का हाथ पकड़कर जब सपा मुखिया ने मंच पर चढ़े और सुधाकर सिंह के साथ जनता का अभिवादन किए तो पूरा मैदान तालियों से गूंज गया। सभा को सम्बोधित करते अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ़ आपका बेटा सुधाकर चुनाव लड़ रहा दूसरी तरफ स्वार्थ की राजनीति करने वाला धोखेबाज़ व दग़ाबाज़ नेता। सुधाकर सिंह ही घोसी का सुधार व आपकी सुधि ले सकते हैं इसलिए घोसी का बेटा चुनिए। 
उन्होंने कहा कि घोसी की जनता समझदार है, वे स्वार्थी नेता को सबक ज़रूर सिखाएगी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं । बाबा साहब के संविधान के साथ छेड़छाड़ व भेदभाव हो रहा है। आधी अधूरी नौकरी से देश की सेवा नहीं होगी। लाल क़िले और लखनऊ से झूठ बोलने बाले पर कौन भरोसा करेगा। ये लोग भाई चारा नहीं चाहते, ये धर्म और जाति के बीच दरार डालते हैं। नौजवान, किसान, बुनकर सबका भविष्य ख़तरे में है ।
जनता से कहा कि समाजवादी की मदद करें आपकी मदद उतनी जल्दी होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि घोसी की जनता के फ़ैसले से घबराकर भाजपा सरकार के सूबे के मंत्री घोसी में घूमने लगे हैं।
कहा कि सपा के कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं है। इस चुनाव में किसी भी मशीनरी का डटकर मुकाबला करेंगे। जो लोग दूर-दूर से चलकर घोसी आए हैं उनकी भाषा आपने सुनी होगी। विरोधी न जाने क्या-क्या कहने लगे हैं।
अखिलेश यादव ने तंज कसा कि भाजपा चुनाव से पहले ही जनता के बीच चुनाव हार गई है। कहा कि आज अस्पताल में दवा नहीं है। किसानों, युवा, बेरोजगार, बुनकरों व गरीबों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। हमारी सरकार द्वारा दिया गया एंबुलेंस खराब करके छोड़ दिया गया है। बिजली की अच्छी व्यवस्था चुनाव तक ही है, बिजली मीटर में खेल किया जा रहा है। आज हजारों में बिजली के बिल आने लगे। नहीं देने पर नोटिस व मुकदमे का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि डबल इंजन से कुछ भी नहीं होता। अगर कुशल ड्राइवर न हो। आपका ड्राइवर इंजन छोड़कर भाग जाता है। ऐसे में आपके सामने उसे सबक सिखाने का मौका है।
जनसभा में सपा प्रदेश अध्यक्ष उत्तम चन्द्र पटेल, सपा प्रवक्ता राजीव राय, विधायक राजेंद्र कुमार, विधायक ओमप्रकाश सिंह, विधायक डा. एचएन पटेल, पूर्व मंत्री बलराम यादव, पूर्व मंत्री चन्द्रदेव यादव, विधायक आलमबदी, नफ़ीस, अल्ताफ़ अंसारी, हाजी इर्फान, ज़िलाध्यक्ष दूधनाथ, देवनाथ यादव आदि मौजूद रहे।
मोदी के कटप्पा महेंद्र राजभर को जनता से अखिलेश यादव ने कराया रूबरू, लहराया पीला झंडा
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को जनता से रूबरू कराते हुए महेंद्र राजभर के प्रत्याशी का टिकट कटने का मंच से विरोध किया और कहा कि यह सरकार चुनाव ही किसी को लड़ने नहीं देना चाहती। अखिलेश यादव ने कहा कि महेंद्र राजभर की पार्टी के कार्यकर्ता को चुनाव नहीं लड़ने दिया गया। यही नहीं आने वाले समय में वर्ष 2024 के बाद हो सकता है कि सरकार आपको मतदान भी न करने दे। मतदान का अधिकार छीन लिया जाएगा। इसलिए यह चुनाव आज एक उम्मीदवार चुनने का चुनाव नहीं रह गया बल्कि अपने संविधान की रक्षा करने का भी चुनाव बन गया है। इस दौरान भीड़ में खूब लहराया कटप्पा का पीला झंडा।

सुधाकर सिंह की भीड़ की होती रही चर्चा…
सपा मुखिया अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर जैसे ही कोपागंज के मैदान में आया तो और सभा को सम्बोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर उड़ा, मैदान में मौजूद भीड़ को लेकर पूरे दिन घोसी विधानसभा के क्षेत्र से लेकर जनपद के अन्य क्षेत्रों में चट्टी, चौराहा और चाय, पान की दुकानों पर लोगों में चर्चा बनी रही और वह अपने-अपने तरीके से चुनाव व भीड़ का मूल्यांकन करते नजर आए। भीड़ में सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर के पार्टी के कार्यकर्ताओं की भारी संख्या में मौजूद होना भी चर्चा का कारण रहा।

केवल अखिलेश के दिल में नहीं पूरी सपा की नज़र में है नवरत्न…
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चहेता व सुधाकर सिंह का स्टार प्रचारक व घोसी में बड़े से बड़े नेताओं से भी ज़्यादा टीआरपी बटोरने वाला नवरत्न यादव जैसे ही दौड़ कर मंच पर चढ़ा सिक्योरिटी वाले ने उसे रोक दिया, और जैसे व उस बच्चे को चेहरा देखा बड़े प्यार से जाने दिया । जिससे यह साफ़ सिद्ध होता है तोतली ज़ुबान से नवरत्न जो कहता है वह सच है वे केवल अखिलेश के दिल में नहीं पूरी सपा की नज़र में है । बाक़ी बात तस्वीर खुद बयां कर रही है ।

