अपना जिला

सीडीओ की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न

o उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान के दिए निर्देश

मऊ। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्राप्त प्रस्तावों में से ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी हेतु कुल 35 प्रस्तावो पर उत्पादन कार्य प्रारंभ हो गया है, जिसके माध्यम से 342 करोड़ के पूंजी निवेश तथा 2406 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 के निर्धारित लक्ष्य 55 के सापेक्ष कुल 79 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं, जिनमें से 40 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति तथा 28 आवेदन पत्रों पर ऋण वितरण की कार्रवाई विभिन्न बैंकों द्वारा की गई है।इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के निर्धारित लक्ष्य 79 के सापेक्ष 37 आवेदन बैंकों को प्रेषित है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के 29 के सापेक्ष 10 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं, जिनमें 7 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवम् एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण मार्जिन मनी योजना के तहत कम आवेदन प्राप्त होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने तथा समस्या की जानकारी लेते हुए समाधान कर इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को आच्छादित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि हस्तशिल्प विपणन योजना एवं मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्तशिल्प पेंशन योजना के तहत कोई भी लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष में अभी तक प्राप्त नहीं है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 775 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा के नाला एवं पानी निकासी की संबंध में समीक्षा के दौरान कार्यदाई संस्था जल निगम नगरीय को मुख्य विकास अधिकारी ने यथाशीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या उठाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही कर ट्रिपिंग की समस्या दूर करने को कहा। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर का नगर पालिका परिषद मऊ की सीमा में स्थानांतरण की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक को कार्य पूरा होने पर यथाशीघ्र स्थानांतरण की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। एनएच29 पर बढूवा गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम की तरफ साइफन बनाने के कारण जलभराव की समस्या के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी ने रास्ते में पड़ने वाले पेट्रोल पंप को नोटिस देने की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ताजोपुर में नालों की सफाई के भी निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने सहादतपुरा में नाले की सफाई के दौरान उद्यमियों को भी मौके पर बुलाकर ठीक ढंग से सफाई करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को दिए। कारखाना अधिनियम 1948 के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा के दौरान सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि 155 प्रतिष्ठानों का सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है, उद्यमियों के सहयोग के अभाव में पंजीकरण कार्य की प्रगति अभी धीमी है। मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को लगातार अभियान चलाते हुए पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। इसके अलावा कारखानों के नक्शा को प्रमाणित करने हेतु जनपद में अप्रूव्ड इंजीनियर की तैनाती ना होने पर इस संबंध में शासन से आवश्यक पत्राचार करने के भी निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए।उद्योग बंधु के सदस्यों द्वारा श्रमिकों के इलाज हेतु बेहतर सुविधा ना होने पर ईएसआई का फातिमा या किसी अन्य हॉस्पिटल से संबद्धता कराने की मांग को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने इस संबंध में उपायुक्त उद्योग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यमियों द्वारा उठाए गए समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश समस्त संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी दद्दन कुमार,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं उद्योग बंधु के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *