पेपर साल्वर गैंग के चार मुन्ना भाई धराए, डेढ़ लाख नगद व हस्ताक्षर किए हुए 45 चेक बरामद
मुहम्मदाबाद गोहना /मऊ । कोतवाली क्षेत्र के भैसहा मोड़ के पास से पुलिस ने सालवर गैंग के चार मुन्ना भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनके पास से डेढ़ लाख रुपए नगदी व हस्ताक्षर किए हुए 45 बैंक का चेक एवं भारी मात्रा में डिवाइस बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक मऊ अविनाश पांडेय के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक मुहम्मदाबाद गोहना डॉ अजय विक्रम सिंह के निर्देशन में चलाए गए अपराध व अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।बुधवार को कोतवाली परिसर में सीओ मोहम्दाबाद गोहना ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए बताया कि सालवर गैंग के इस बड़े रैकेट को पकड़ा गया है। मुखबिर की सूचना पर मुहम्दाबाद गोहना-करहां मुख्य मार्ग पर स्थित भैसहा मोड़ के पास इन चारों लोगों को पकड़ा,जब यह सभी कहीं भागने के फिराक में थे। पुलिस टीम ने दौड़ाकर इन चारों को पकड़ लिया।

कोतवाली प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नकल करने वाले गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो इन लोगो ने बताया कि हम सभी लोगों का एक गिरोह हैं, हम लोग प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को धोखे में रखकर ठगी कर व नकल कराने के नाम पर पैसा लेते हैं।हम लोग मिलकर काम करते हैं।इन लोगों ने बताया कि गिरोह का सरगना मायापती दुबे व डॉ राधेश्याम यादव हैं।
जमा तलाशी के दौरान इनके पास से पुलिस ने 67 मार्कशीट एवं अन्य सर्टिफिकेट, दस्तावेज, दो जीपीएस, दो नकल करने का उपकरण, दो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जो लाल व काली बनियान में मोम के सहारे चिपका हुआ पतला तार लगा हुआ एक जोड़ा माइक्रोफोन, एक चिप, मेडिकल ऑफिसर इलाहाबाद की मुहर, लेटर पैड, तीन सिल्वर ऑक्साइड बैटरी, ₹150000 नगद,एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लगभग 47 ब्लैंक चेक हस्ताक्षर किए हुए बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में इंद्रजीत निवासी सुपनधा थाना विंध्याचल-मिर्जापुर, अनिल कुमार चौहान ग्राम ओटनी मुहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ, अश्वनी तिवारी मुंगराबादशाहपुर जनपद जौनपुर, अमरेंद्र बहादुर बिंद निवासी गददोपुर जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी, अखिलेश सिंह, चंद्रभान यादव, विजय यादव, आदर्श श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा,धर्मेंद्र सिंह, विकास यादव, विराट पटेल, राजेश यादव, धर्म चंद सोनकर रोहित सिंह आदर्श मिश्रा,अविनाश धर दुबे, पंकज यादव, अनिरुद्ध सिंह, विशाल सिंह आदि रहे।

