अपना जिला

राष्ट्रीय/राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों ने बैठक में रखी अपनी समस्या

मऊ। राष्ट्रीय/राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों की बैठक बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ मऊ के सभागार में हुई। जिसमें आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर तथा मऊ जनपद के शिक्षकों ने अपने विचार प्रकट किए।
बैठक को सम्बोधित करते हुए पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसायटी उ0प्र0 के उपाध्यक्ष उदयराज यादव ने कहा कि पुरस्कृत शिक्षक/शिक्षिकाएं शिक्षण के साथ-साथ लोक सेवा का कार्य करते हैं। ऐसे में सरकार को हम लोगों के साथ सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए। सोसायटी के प्रान्तीय प्रवक्ता राम अवतार यादव ने कहा कि माध्यमिक व राजकीय शिक्षकों का सेवा विस्तार तीन वर्ष का हो गया है किन्तु अभी तक प्राथमिक/जूनियर शिक्षकों का सेवा विस्तार दो ही वर्ष का है जो न्याय संगत नहीं है। जनपद मऊ के प्रभारी रामनिवास मौर्य ने कहा कि उ0प्र0 परिवहन निगम की बसों में केवल शिक्षक को ही आवागमन की सुविधा है जबकी एक सहयोगी के लिए भी सुविधा होनी चाहिए और जो भी बसें चलती है,उन सभी वर्ग की बसों में सुविधा दी जानी चाहिए। इसी तरह रेल में भी सुविधा दी जाय, ज्ञातब्य हो कि रेल में केवल स्लीपर में ही 50 प्रतिशत की सुविधा केवल शिक्षक को ही मिलती है।
बैठक में सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास हुआ कि उक्त के सम्बन्ध में मुख्य मंत्री उ0प्र0 शासन लखनऊ योगी आदित्यनाथ रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा से शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल उक्त समस्याओं से अवगत करायेगा। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में ब्रजदेव उपाध्याय, देवभूषण वनमाली, रमायन प्रसाद चौरसिया, विजयशंकर सिंह, रामकुमार त्रिपाठी, चन्द्रभान यादव, रघुपति यादव, हरगेंद राम, हरिश्चन्द्र यादव आदि उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *