अपना जिला

समय से भुगतान की लगातार खराब प्रगति पर डीएम ने एपीओ के खिलाफ बर्खास्तगी की नोटिस देने का दिया निर्देश

० जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मनरेगा कार्यों, निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न

० स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक ब्लॉक में खराब प्रदर्शन करने वाले सचिव एवं एडीओ पंचायत के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के दिए निर्देश।

मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार के अध्यक्षता में मनरेगा कार्यों, निराश्रित गोवंश योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान डीसी मनरेगा ने बताया कि माह जनवरी के निर्धारित 43 लाख 30 हजार मानव दिवस के सापेक्ष 43 लाख 31 हजार मानव दिवस का सृजन हुआ, जिसकी भौतिक प्रगति 100% से ज्यादा है। प्रत्येक ब्लॉक में बनने वाले खेल के मैदान एवं हाट बाजार की समीक्षा के दौरान कम संख्या में निर्माण को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रति विकासखंड कम से कम पांच स्थलों को चिन्हित कर खेल के मैदान एवं हाट बाजार के निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले वित्तीय वर्ष में प्रति ब्लॉक 3- 3 नए अ स्थाई गौशालाओं के निर्माण को कार्य योजना में शामिल कर आवश्यक तैयारी करने को कहा। मनरेगा से जुड़े मजदूरों की आधार सीडिंग की चर्चा के दौरान डीसी मनरेगा ने बताया कि 97% से ज्यादा आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। मनरेगा के तहत समय से भुगतान की स्थिति की समीक्षा के दौरान डीसी मनरेगा ने बताया कि पूरे जनपद का प्रतिशत 91% है, जिसमें सबसे खराब स्थिति परदहां ब्लॉक की है।जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए विकासखंड परदहां के एपीओ के खिलाफ बर्खास्तगी की नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीसी मनरेगा ने बताया कि जनपद में निर्माणाधीन 32 खेल के मैदानों में से 9 खेल के मैदान के निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 9 इस माह में पूर्ण हो जाएंगे।मनरेगा के तहत कराए जाने वाले कायाकल्प के कार्यों में कुल 93 जगहों पर बाउंड्री निर्माण का कार्य किया जाना था, जिसमें 78 पूर्ण हो चुके हैं शेष में कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने कायाकल्प के तहत अपूर्ण कार्यों का प्रति सप्ताह निरीक्षण कर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश समस्त खंड विकास अधिकारियों को दिए। जनपद के लिए पूर्व में निर्धारित 78 अमृत सरोवरों के निर्माण के लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 37 अमृत सरोवर पूर्ण होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले मोहम्मदाबाद गोहना,घोसी एवं परदहां के विकासखंड अधिकारियों को इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान डीसी मनरेगा ने बताया कि लक्ष्य 2650 के सापेक्ष अब तक 2517 समूह का गठन हो चुका है, शेष के गठन की कार्यवाही प्रगति पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के खाते में यथाशीघ्र किस्तों का भुगतान करने के निर्देश दिए। निराश्रित गोवंश योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सहभागिता योजना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त विकासखंड अधिकारी को दिए। इस दौरान उन्होंने इच्छुक लोगों को गौशालाओं के स्वस्थ पशुओं को सुपुर्द करने हेतु अभियान चलाने को कहा,साथ ही अति कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों के अभिभावकों से इस संबंध में लगातार संपर्क स्थापित कर लोगों को सहभागिता योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में क्षमता से अधिक गोवंश को रखने की स्थिति के दौरान अतिरिक्त शेड एवं चारे की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों हेतु तहसील वार कैटल कैचर की उपलब्धता की भी जानकारी ली। पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि कुल 310 पंचायत भवनों के निर्माण लक्ष्य के सापेक्ष 294 पंचायत भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है जो लक्ष्य का 94.84% है। सामुदायिक शौचालय के 671 लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 71.20% भौतिक प्रगति हुई है। जिलाधिकारी ने अवशेष लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रत्येक ब्लॉक से तीन खराब प्रदर्शन करने वाले सचिवों एवं एडीओ पंचायत के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस दौरान गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट हेतु प्रस्ताव तैयार कर एजेंसियों के माध्यम से गोबर गैस प्लांट लगाने की कार्यवाही प्रारंभ करने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त खंड विकास अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों, कायाकल्प के तहत कराए जा रहे कार्यों, पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय के निर्माण एवम् उनके कार्य करने की स्थिति, विकासखंड स्थित गौशालाओं सहित सरकार द्वारा संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का नियमित निरीक्षण कर समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, डीपीआरओ अभिषेक शुक्ला, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *