विशेष टीकाकरण अभियान 9 से, बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाता है टीका
० पांच वर्ष तक के बच्चों का होगा टीकाकरण, तीन चरणों में चलेगा अभियान
मऊ। पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए टीकाकरण का विशेष अभियान 9 जनवरी से शुरू होगा। तीन महीने तक यह अभियान तीन चरणों में चलेगा। टीकाकरण से जुड़े सभी कर्मियों को प्रशिक्षित करने के साथ ही अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेश अग्रवाल ने दी ।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को टीके से आच्छादित किया जाएगा जो उन्हें कई तरह के रोगों से प्रतिरक्षित करेगा । उन्होंने बताया कि बच्चों का टीकाकरण करा कर उन्हें 12 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है। इसमें टीबी, हेपेटाइटिस-बी, पोलियो, काली खांसी, डिप्थीरिया, टिटनेस, हिब इंफेक्शन, निमोनिया, दस्त, खसरा व रूबेला और दिमागी बुखार आदि प्रमुख हैं। नियमित टीकाकरण न कराने से बच्चे इनमें से किसी भी बीमारी के शिकार हो सकते हैं। नौ जनवरी से शुरू होने वाले अभियान के प्रथम चरण मे 1847 सत्र स्थल होंगे । इसके लिए 264 एएनएम, 1895 आशा, 1723 आंगनबाड़ी,113 सुपरवाइजर लगाये गये हैं जो 50726 बच्चों को टीकाकरण से आच्छादित करेंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बृजेश कुमार यादव ने बताया कि टीकाकरण का विशेष अभियान 9 जनवरी से 20 जनवरी, 13 फरवरी से 24 फरवरी एवं 13 मार्च से 24 मार्च तक चलाया जाएगा। जिसको लेकर टीकाकरण में लगने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ता आशा, एएनएम, सीएचओ, एचवी, स्टाफ नर्स को प्रशिक्षित किया गया है । उन्हें बताया गया है की इस टीकाकरण को कैसे शत-प्रतिशत करना है, साथ ही ऐसे परिवार जो टीकाकरण से इनकार करते हैं, उन्हें समझाना है और टीकाकरण का लाभ देना है ।
डीआईओ डॉ बीके यादव ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम को सुदृढ़ एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आशा कार्यकर्ता क्षेत्र में हेड काउंट सर्वे का कार्य दिए गये प्रारूप में करेगी। जो प्रत्येक परिवारों का होगा। जिसमें उस परिवार में जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का नियमित टीकाकरण कार्ड, एमसीपी कार्ड के माध्यम से देखते हुए लंबित टीका को फार्मेट पर दर्ज करेंगी। जिसकी निगरानी क्षेत्रीय आशा संगीनी, सीएचओ द्वारा करते हुऐ संकलित रिपोर्ट स्थानीय एएनएम को उपलब्ध करायेगी। जो उपकेन्द्र के अन्तर्गत सभी आशाओं का संकलित कर ब्लॉक मुख्यालय पर जमा करेगी। आशाओं द्वारा सर्वे को ई कवच पोर्टल पर चढ़ाया जायेगा। जिसके आधार पर एएनएम अपने आईडी से टीकाकरण के पश्चात पोर्टल पर सूचना को दर्ज करेगी।

