अपना जिला

मऊ में 75 घण्टे का स्वच्छता अभियान जारी, खत्म होंगे कूड़े के ढेर, जगहों का होगा सुन्दरीकरण

मऊ। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत ‘‘प्रतिबद्ध 75 जनपद 75 घण्टे 750 निकाय‘‘ अभियान के तहत नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा 01 दिसम्बर से 03 दिसम्बर तक लगातार 75 घण्टे का स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के प्रथम दिन पालिका कर्मी मुहल्ला हट्टीमदारी स्थित मिल्लत नर्सरी स्कूल के पास पड़े लगभग 400 टन व फातिमा चौराहा कांशीराम परिसर में खाली भूमि पर पड़े लगभग 100 टन कूड़े को साफ करते नज़र आये। इस अभियान की मानीटरिंग स्वंय पालिकाध्यक्ष श्री मु0 तय्यब पालकी व अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार मौके पर जाकर कर रहे है। इस अभियान के तहत नगर के कूड़ा एकत्रीकरण के दृष्टिगत संवेदनशील स्थान Garbage Vulnerable Points को पूर्णतया (स्थायी रुप से) विलोपित कर स्वच्छ स्थान में परिर्वतित कराया जाना है।
पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत पालिका कर्मी लगातार 75 घण्टे तक नगर के कूड़ा एकत्रीकरण के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों की सफाई का कार्य कर उसे पूर्णतया स्वच्छ स्थान बनायेंगे। उन्होने बताया कि नगर पालिका द्वारा नगर में 12 जी0वी0पी0 प्वाइन्ट चिन्हित किये गये है जहां कूड़ों का ढेर है। इन स्थानों से 75 घण्टों में कूड़े के ढेर को समाप्त करना पालिका का लक्ष्य है। जिन स्थानों को चिन्हित किया गया उनमें मुहल्ला डोमनपुरा स्टेट बैंक के सामने स्थित डोमगड़ही, हठठीमदारी मिल्लत नर्सरी स्कूल के पास, ब्रहम्स्थान टैक्सी स्टैण्ड के पीछे, ढेकुलिया घाट बंधा रोड, पुरानी तहसील सत्यम हास्पिटल के सामने, डी0सी0एस0के0 पी0जी कालेज के पास, किड्स गुएकूल किंगडम स्कूल निज़ामुद्दीनपुरा, मदनपुरा होटल के पास, मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे आदि स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर डम्प पड़े कूड़े को पालिका कर्मी 75 घण्टों में खत्म कर स्वच्छ स्थान में परिवर्तित कर देंगे तथा इन स्थानों का पालिका द्वारा सौन्दर्यीकरण कराया जायेगा।
पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में यह अभियान लगातार 75 घण्टे तक जारी रहेगा, इसके लिये पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रोस्टरवाइज़ तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगायी गयी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसके लिये पालिका अधिकारी इन स्थानों से ज़ूम एप्प के माध्यम से 24वों घण्टे सफाई कार्य का लाईव प्रसारण करेंगे।
इस मौके पर सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के डिस्ट्रिक्ट को-आर्डिनेटर मनीष सिंह, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर पियूष सिंह, जलकल जेई पंकज कुमार वर्मा, अवर अभियंता सी0पी0 दूबे, राजस्व निरीक्षक अमृता राय के अतिरिक्त पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी इस अभियान में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *