अपना जिला

संचारी रोग एवं दस्तक अभियान को लेकर सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक

मऊ। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचारी रोग नियंत्रण में दस्तक अभियान की जनपद स्तरीय अंतर विभागीय समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

सीडीओ प्रशांत नागर ने बताया की सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायतों में इंडिया मार्क हैण्ड पम्प एवं निजी मशीनों का चिन्हीकरण कराने के लिए आशा, एएनएम, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं सफाई कर्मचारियों से कराये जायें, जिससे पानी की शुद्धता एवं अशुद्धता का पता चल सके और अशुद्ध पानी को पीने से रोका जा सके। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सुबह प्रार्थना के समय बच्चों को इस बात से अवगत कराया जाए जिससे बच्चों के माध्यम से उनके अभिभावक भी जागरूक हों कि प्रत्येक व्यक्ति शौचालय, शुद्ध पानी एवं मच्छरदानी का प्रयोग करे। जिससे छोटी और बड़ी बीमारियों से बचा जा सके।
सीडीओ ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम करें। नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने संबंधित सभी नगर पंचायतों में नालियों एवं गलियों की साफ-सफाई नियमित कराते रहें। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगली बैठक में जिस भी संबंधित अधिकारी की ओर से कमी पाई गई तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त सहायक पंचायत अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *