आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम

० कार्यक्रम 11 से 17 अगस्त 2022 तक
मऊ। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम देश भर में गरिमामय रूप से मनाया जा रहा है। इसी के तहत अब 11 से 17 अगस्त के मध्य हर घर तिरंगा कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इसके अन्तर्गत प्रत्येक भारतीय को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर झण्डा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, शिक्षक गण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूह, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत स्तर पर घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं तथा नलकूपों इत्यादि पर भी किया जाएगा। परिवहन निगम की समस्त बसों, निजी बसों, ट्रकों एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों तथा सरकारी वाहनों के माध्यम से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का संदेश स्टीकर लगाकर या अन्य माध्यमों से लोगो को जागरूक किया जाएगा। जनपद के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में झंडा के वितरण एव बिक्री हेतु केंद्रों को चिन्हित कर जनपद की समस्त सरकारी राशन की दुकानों को झंडा वितरण एवं विक्री केंद्र के रूप में प्रयोग कर झंडा वितरण एवं बिक्री करने हेतु निर्देशित किया गया है।

