अपना जिला

दहेज हत्या के मामले में दो गिरफ्तार एक की तलाश जारी

सादात/गाजीपुर। संदिग्ध अवस्था में फांसी लगाकर मौत को गले लगाने वाली प्रिया के परिजनों की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में स्थानीय पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद दो अभियुक्तों को गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों का चालान भेजते हुए शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में फरार चल रहे तीसरे नामजद अभियुक्त की तलाश में दबिश दे रही है।
नगर पंचायत के वार्ड एक दलित बस्ती निवासी सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक मुन्ना राम ने अपने बेटे गौतम राम की शादी धुवार्जुन निवासी राजेश राम की पुत्री प्रिया (22) के साथ की थी। प्रिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के मुताबिक विवाहिता ने अंदर से कमरा बन्द करके फांसी लगा लिया था। काफी देर तक जब उसका कहीं पता नहीं चला तो दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर गये और पंखा से लटकती उसकी लाश मिली। वहीं मौके पर पहुंची मृतका की मां शशिकला और अन्य मायकेवालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। इस मामले में मृतका के चाचा मुकेश कुमार ने ससुर मुन्ना राम, पति गौतम राम और ज्येष्ठ रतन राम के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था। सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दरम्यान गुरुवार की रात गश्त के दौरान उपनिरीक्षक महेन्द्र यादव ने कांस्टेबल आयुष कुमार और शिवम के साथ आरोपियों के घर पर दबिश देते हुए पति गौतम और ससुर मुन्ना राम को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फरार चल रहे तीसरे नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *