MLC ए.के. शर्मा का एक साल का सफर पूरा, जताया सभी के प्रति आभार

लखनऊ। उप्र विधान परिषद सदस्य व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व आईएएस अधिकारी ए.के. शर्मा ने जब आज से एक वर्ष पूर्व स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर भाजपा के साथ अपनी राजनैतिक पारी का आगाज़ किया तो उस समय पूरा विश्व कोरोना महामारी से त्राहिमाम कर रहा था।
भारत भी कोरोना महामारी के दंश से अछूता नहीं था। ऐसे में पीएम मोदी के विश्वासपात्र अधिकारी के रूप में जाने जाने वाले ए.के. शर्मा ने फरवरी 2021 लखनऊ में भाजपा में शामिल होकर एमएलसी का पदभार ग्रहण किया। साथ ही उन्हें पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष भी बनाया गया।

इसी बीच कोरोना की दूसरी लहर ने पूरी मानवता को भारी संकट में डाल दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर तत्काल वाराणसी के शहरी एवं ग्राम्य क्षेत्र में कोविड की रोकथाम हेतु कार्य किया जिसमें वाराणसी में काशी कोविड रिस्पांस सेंटर (KCRC) की स्थापना प्रमुख है।
इस KCRC में तीन शिफ्ट में 20-20 व्यक्ति दिन-रात फ़ोन उठाते थे, जो लोगों की समस्याओं का बिना देरी किए समाधान करते थे, इनको पूरी ट्रेनिंग दी गई थी। स्वयं ए.के. शर्मा लगातार 40 दिनों तक वाराणसी में प्रवास कर कोविड से जूझ रहे लोगों की मदद करते रहे।
‘जहां बीमार वहीँ उपचार’ का का कोरोना नियंत्रण का वाराणसी मॉडल पूरे देश में विख्यात हुआ। प्रधानमंत्री द्वारा भी इसकी काफी सराहना की गई।
हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में जो कमियां थी उन्हें तत्काल दूर करवाया जिसके चलते ऑक्सीजन युक्त बेड की संख्या जो अप्रैल 2021 में 400 थी वह 10 गुना बढकर 4000 हो गई। 750 बेड का कोविड अस्पताल मात्र 18 दिन में शुरू किया गया।
टीकाकरण कोविड से लड़ने का प्रमुख हथियार था इसलिए तकनीक का उपयोग करते हुए G.I.S. तकनीक वाला ‘कवच’ नामक एप लांच किया, जो वाराणसी समेत पूर्वाचल के तमाम जिलों के टीकाकरण केंद्रों, कोविड उपचार केंद्रों व कोविड कंट्रोल रूम की जानकारी देता था।
कोविड की संभावित तीसरी लहर में बच्चों को अधिक खतरा बताया गया था। इसके मद्देनजर मई 2021 में ही बाल रोग विशेषज्ञों का पैनल बनाकर एक एक्शन प्लान तैयार करवाया, जिसमे बच्चों, माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी व टीकाकरण के कार्यक्रम तीव्र गति से चलाए जाने की योजना बनीं।
इसके अतिरिक्त पिछले एक साल में लोक कल्याण एवं क्षेत्रीय विकास के अनेक कार्य एमएलसी ए.के. शर्मा ने करवाए जिसमें रेल, रोड, बस, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पीने के पानी संबंधी कार्य प्रमुख हैं।
एमएलसी ए.के. शर्मा ने अपने विधान परिषद कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर सभी का आभार प्रकट करते हुए ट्विटर पर लिखा उप्र विधान परिषद सदस्य बने एक वर्ष हुआ। मा० प्रधानमंत्री जी, भाजपा नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद। सबके आशीर्वाद से इन दिनों में जन सेवा में उठाए गए छोटे कदमों की थोड़ी झलक वेबसाइट पर रखा।





