विधानसभा चुनाव 2022

तीसरे फेज में अखिलेश-शिवपाल समेत इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा लगी दांव पर

@ विजय कुमार गुप्ता…

20 फरवरी को 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग

लखनऊ। विधानसभा चुनाव के तीसरे फेज के चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार थम गया। तीसरे फेज में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान 20 फरवरी को होगा। चुनाव के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने अपने अपने प्रत्याशियों के लिए ताकत झोंक दी।

तीसरे फेज में कई ऐसी सीटें हैं, जो समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है लेकिन पिछले चुनाव में यहां पर भाजपा ने बड़ी सेंधमारी करते हुए 59 में से 49 सीटें जीतीं थीं। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन को 9 सीट मिली थी। सपा के लिए चुनौती अपने गढ़ को दोबारा पाने की है वहीं भाजपा के लिए चुनौती अपना पिछला रिकार्ड दोहराने की है।

इन जिलों में होगी वोटिंग
तीसरे फेज में 16 जिलों की 59 सीटों पर रविवार को मतदान होना है। इस चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में चुनाव होना है।

तीसरे फेज में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इसमें अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, असीम अरूण, एसपी सिंह बघेल समेत कई अन्य नेता है। अखिलेश यादव करहल से चुनावी मैदान में तो उनके खिलाफ भाजपा ने एसपी सिंह बघेल को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, जसवंतनगर से शिवपाल यादव चुनावी मैदान में हैं।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सपा और भाजपा ने अपनी ताकत झोंकी। सीएम योगी आदित्यनाथ करहल में चुनावी जनसभा को संबोधित किए तो अखिलेश यादव कानपुर में रथ यात्रा लेकर निकले। इस दौरान सीएम योगी और अखिलेश यादव ने एक दूसरे पर जमकर ​निशाना साधा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *