कृषक एक्सप्रेस पुराने रूट पर चलेगी, नहीं होगा कोहरे में संचालन ठप
मऊ। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा कोहरे के हवाला देते हुए पूर्व में सूचना जारी कर दी गई थी कि लखनऊ से चलकर गोरखपुर,मऊ होते हुए वाराणसी को जाने वाली 15007/15008 कृषक एक्सप्रेस का संचालन आगामी 1 दिसंबर से मऊ से वाराणसी के मध्य बंदकर दिया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार उक्त ट्रेन का संचालन अब लखनऊ गोरखपुर मऊ तक ही रह जाएगा। ऐसे में ऑल इंडिया रेल यूजर्स फेडरेशन चेयरमैन श्रीराम जायसवाल,जेडआरयूसीसी सदस्य संतोष जायसवाल समेत अन्य सदस्यों द्वारा संयुक्त रुप से पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक के साथ ही रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर उक्त ट्रेन का संचालन पूर्व की भांति वाराणसी से लखनऊ के मध्य जारी रखने की मांग की गई थी।
पत्र के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे के इस फरमान के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए श्रीराम जायसवाल ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों द्वारा इस वर्ष 1 दिसंबर से ठंड को देखते हुए इस ट्रेन का मऊ से वाराणसी तक का यात्रा संचालन रोका जा रहा था,जबकि मऊ से वाराणसी तक की ट्रेन दिन के 10 बजे जाती है और शाम को 5 बजे वाराणसी से चलकर मऊ आती है।ऐसे में इस ट्रेन पर कोहरे का कब और कहां क्या असर पड़ेगा यह जनता की समझ से परे है। जबकि इस ट्रेन से मऊ से वाराणसी के मध्य यात्रा करने वालों की बड़ी संख्या में यात्रियों की संख्या है। वह लोग दिन में दुल्लहपुर,जखनिया,सादात, औड़िहार व सारनाथ होते हुए वाराणसी के मध्य यात्रा सुगमता पूर्वक कर पाते हैं। ऐसे में दिन की दुपहरिया में घने कोहरे का हवाला देकर ट्रेन का संचालन बंद करने की बात जनता की समझ से परे है।
उल्लेखनीय है कि 15007/15008 कृषक एक्सप्रेस जो लखनऊ से चलकर वाराणसी को जाती थी कोहरे के कारण रेल मंत्रालय द्वारा इसे मऊ से 1 दिसम्बर से मऊ से ओरिजनेट कर दिया गया था। जिस पर क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्रीय समिति पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सदस्य संतोष जायसवाल,जय प्रकाश राजभर एवं चंदू सरोज के साथ फेडरेशन के चेयरमैन श्री राम जायसवाल ने महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को पत्र लिखकर इसे पुनः बहाल करने के लिए आग्रह किया था,जिस पर महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर द्वारा रेलवे बोर्ड को पत्र भेजा गया था,जिस क्रम में बुधवार को महाप्रबंधक के लेटर द्वारा यह आदेशित कर दिया गया है कि कृषक एक्सप्रेस पूर्व की भांति वाराणसी से ही ओरिजनेट होगी। इस प्रकार कृषक एक्सप्रेस वाराणसी सिटी से चलकर लखनऊ तक जाएगी एवं वापसी में लखनऊ से चलकर वाराणसी सिटी तक जाएगी। इसकी जानकारी पर जनपद समेत गाजीपुर,दुल्लहपुर, जखनिया,सादात,कौड़िहार समेत अनेक क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

