दिव्यांग जनों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत कर उनको समाज की मुख्यधारा में जोड़ने की आवश्यकता : शिवांगी

मऊ। मनोशांति सेंटर फॉर मेंटल हेल्थ केयर वाराणसी तथा जनपद मऊ में दिव्यांगजनो के लिए कार्य कर रही स्वयंसेवी संस्था “अभिनव भारत फाऊंडेशन ट्रस्ट ” की ओर से दिव्यांगजनो को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने, उनके शतप्रतिशत पुनर्वास एवं दिव्यांग जनों के निमित्त मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता हेतु एक ऑनलाइन बेबीनार अभिनव भारत फाउंडेशन ट्रस्ट के फेसबुक पेज पर किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता मनोशान्ति सेन्टर फ़ॉर मेन्टल हेल्थ केयर वाराणसी की फाउंडर एवं वरिष्ट क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ0 शिवांगी श्रीवास्तव ने कहा कि हम सभी को दिव्यांगजनो के अन्दर छिपी प्रतिभा को पहचानने की आवश्यकता है, दिव्यांगजनो के अन्दर कोई न कोई विशेष दिव्य प्रतिभा छिपी रहती है हमें उनके प्रतिभा को उड़ान देना चाहिए फिर देखना होगा कि कोई भी दिव्यांगजन किसी के ऊपर आश्रित नही रहेगा।उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में दिव्यांगजन अपनी दिव्यांगता की वजह से मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं और व्यक्ति जब मानसिक तनाव में जीवन जियेगा तो अपने जीवन स्तर को कभी भी ऊंचा नही उठा पायेगा। इसलिए मनो शांति की टीम अभिनव भारत फाउंडेशन ट्रस्ट के साथ मिलकर दिव्यांगजनो के मानसिक स्वास्थ्य को सही करने के लिए हमारे विशेषज्ञों और काउंसलर्स की टीम प्रत्येक रविवार शाम 4 बजे फेसबुक पेज पर लाइव आकर दिव्यांग जनों के मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान कर दिव्यांगजनो एवं उनके परिवार सहित जनपद के सम्भ्रान्त लोगों को जागरूक करेगी।इस अवसर पर अभिनव भारत फाउंडेशन ट्रस्ट के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार पाण्डेय ने कहा कि दिव्यांगजन बहुत ही तनावग्रस्त जीवन जी रहे हैं उनके जीवन से तनाव, चिंता मुक्त एवं उनके हक अधिकार, एवं अन्य सहायता को बताने के लिए हमारी टीम मनोशान्ति सेन्टर के साथ मिलकर कार्य करेगी।इसके लिए हम मनोशान्ति सेंटर की फाउंडर शिवांगी श्रीवास्तव जी एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हैं।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनो को समाज की मुख्यधारा में जोड़ना एवं उनका सम्पूर्ण पुनर्वास ही संस्था का मुख्य लक्ष्य है इसके लिए जनपद के लोग सहयोग करें।


