वरमाला पहनाने से पहले दुल्हे ने दुल्हन को मारा थप्पड़ तो घराती बाराती आपस में भीड़े, पुलिस के हस्तक्षेप से हुई शादी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित वैवाहिक समारोह में उस समय अफरा तफरी मच गया जब जयमाल के समय स्टेज पर दूल्हे ने दुल्हन को जोरदार तमाचा जड़ दिया। फिर क्या था खुशियों का माहौल पल भर में बरातियों- घरातियों में मारपीट में तब्दील हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप पर सुलह-समझौते के बाद शादी हो सकी।
जानकारी के मुताबिक जंघई-बंधवा बाजार मार्ग स्थित एक गांव में पंवारा थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। घरातियों ने बरातियों की दरवाजे पहुंचने पर आवभगत की। द्वारचार के बाद जयमाल के समय नशे में एक बाराती स्टेज पर चढ़ गया। घरातियों ने विरोध करते हुए उसकी पिटाई कर दी। इससे नाराज दूल्हे ने वरमाला लेकर स्टेज पर खड़ी दुल्हन को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस पर घरातियों का गुस्सा भड़क उठा। वे बरातियों की पिटाई करने लगे। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में कई लोग जख्मी हो गए।
शादी के रंग में भंग पड़ गया। लगा कि अब शादी नहीं हो पाएगी। इसी दौरान किसी ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दे दी। पीआरवी टीम व थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव हमराहियों के साथ मौके पर आ गए। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया और सुलह-समझौते के बाद शादी संपन्न कराई। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।


